भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है। इस जीत में सबसे अहम भूमिका निभाई प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट संजू सैमसन ने। संजू ने पांच पारियों में ही 321 रन बना दिए और भारत के टॉप स्कोरर बने। फाइनल मुकाबला जीतने के बाद संजू ने अपनी इस सफलता के पीछे का बड़ा राज खोला है। उन्होंने साथ ही यह भी बताया है कि न्यूजीलैंड सीरीज के बाद उनका बुरा हाल हो चुका था।
“मैं टूट चुका था…”
संजू सैमसन के लिए न्यूजीलैंड सीरीज काफी खराब रही थी। पांच पारियों में वह सिर्फ 46 रन ही बना पाए थे। उन्होंने कहा,”न्यूजीलैंड सीरीज के बाद मैं टूट चुका था। मेरी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मैं यह सोच रहा था कि ओके, मेरे सारे सपने सब खत्म हो चुका है। इससे ज्यादा मैं क्या करूं। लेकिन भगवान के प्लान अलग थे। उसके बाद मुझे मौका मिला और मैं देश के लिए यह कर पाया।”
सचिन तेंदुलकर ने दिया गुरुमंत्र
संजू सैमसन ने अपनी इस सफलता के बाद सबसे बड़ा राज खोला कि उन्होंने अपने बुरे समय में सचिन तेंदुलकर से सलाह ली। क्रिकेट के भगवान ने उन्हें जो गुरुमंत्र दिया वह आज उनके काम आया और संजू अब टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनकर उभरे। उन्होंने कहा,”पिछले दो महीने से मैं लगातार सचिन (तेंदुलकर) सर के साथ बातचीत कर रहा था।”
संजू ने आगे बताया,”जब मैं ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बाहर बैठा था और मुझे खेलने का मौका नहीं मिल रहा था। उस वक्त मैंने सोचा कि मुझे क्या करने की जरूरत है। तब मैंने सर से बात की। काफी लंबी बातचीत हमारे बीच हुई। कल भी (फाइनल से पहले) उन्होंने मुझे कॉल किया और पूछा कि मैं कैसा महसूस कर रहा हूं। अगर मैं उनके जैसे व्यक्ति से गाइडेंस पा रहा हूं तो इससे ज्यादा मुझे कुछ नहीं चाहिए।”
यह भी पढ़ें- सूर्यकुमार यादव ने की एमएस धोनी की बराबरी, रोहित शर्मा से निकले आगे; गौतम गंभीर ने भी रच दिया इतिहास
यह भी पढ़ें- T20 World Cup 2026: संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, जानें किसे मिला कौन सा अवॉर्ड और कितनी प्राइज मनी?
