भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतते हुए इतिहास रचा है। अब सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर टीम इंडिया की कमान टी20 फॉर्मेट में आगे सूर्या ही संभालेंगे या कोई नया कप्तान बनेगा। हालांकि, विश्व कप जीतने के बाद सूर्या ने साफ कर दिया था कि वह कहीं नहीं जा रहे हैं और उनका अगला टारगेट ओलंपिक 2028 और टी20 वर्ल्ड कप 2028 है। वहीं भारत के पूर्व दिग्गज ने अब संजू सैमसन का नाम भी अगले टी20 कप्तान के लिए लिया है।

मोहम्मद कैफ ने कहा- संजू बन सकते हैं कप्तान

मोहम्मद कैफ ने अपने चैनल पर बात करते हुए भारत के अगले टी20 कप्तान से जुड़े सवाल का जवाब दिया। उनसे जब पूछा गया कि क्या संजू सैमसन को टी20 वर्ल्ड कप 2028 में कप्तानी करते देख सकते हैं? इस पर कैफ ने कहा,”हां क्यों नहीं संजू सैमसन बन सकते हैं कप्तान। क्योंकि कप्तान वो बनना चाहिए जिसने दुनिया देखी हो। बॉलिंग चेंज, कड़े फैसले, आउट ऑफ फॉर्म खिलाड़ियों को बैक करना, यह वही कर सकता है जिसने खुद यह समय फेस किया है।”

कैफ ने आगे कहा,”आपने संजू का नाम लिया ठीक है बन सकते हैं लेकिन पहले सूर्या खुद को बैक करेंगे। क्योंकि अभी तो वह अच्छा खेलेंगे तो 38, 40, 45 साल तक अगर वह फिट रहे तो खेल सकते हैं। शॉर्टर फॉर्मेट में आप ऐसा कर सकते हैं। अगर सूर्या हट जाते हैं तो संजू सैमसन को फायदा मिलेगा। राजस्थान रॉयल्स की वह कप्तानी कर चुके हैं। अगर अच्छा खेलते रहे और फिटनेस बनाकर रखी तो क्यों नहीं वह भारत के अगले कप्तान बन सकते हैं।”

सूर्यकुमार यादव ने रिटायरमेंट पर क्या कहा?

सूर्यकुमार यादव ने संन्यास से जुड़े सवाल पर हंसते हुए कहा था,”भाई क्यों रिटायरमेंट के बारे में सोचना है। सबकुछ ठीक तो चल रहा है।” वहीं इस दौरान उन्होंने अपने आगे के प्लान और फोकस पर भी बात की थी। कप्तान सूर्या ने साफ कर दिया था कि आगे अब उनकी नजरें सबसे जरूरी ओलंपिक मेडल पर हैं। साथ ही टी20 वर्ल्ड कप 2028 के ऊपर भी उनकी निगाहे हैं।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव अभी रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोच रहे हैं यह उन्होंने फाइनल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कर दिया था। इसके अलावा अब भारतीय टीम मैनेजमेंट दो साल आगे के लिए क्या प्लान करता है सूर्या को ही बैक करता है या नए विकल्प खोजता है यह देखने वाली बात होगी।

यह भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह अब टी20 से बनाएंगे दूरी, वनडे वर्ल्ड कप पर रहेगा खास ध्यान; एशियन गेम्स में सूर्यकुमार यादव ही करेंगे कप्तानी?
यह भी पढ़ें- संजू-साहिबजादा ओपनर, सूर्या नहीं यह खिलाड़ी कप्तान; ICC ने चुनी टी20 वर्ल्ड कप की टीम ऑफ द टूर्नामेंट, 4 भारतीय शामिल