आईपीएल 2026 से पहले टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने चेन्नई सुपर किंग्स की सबसे तगड़ी प्लेइंग 11 का चयन किया जिसमें उन्होंने एमएस धोनी को शामिल नहीं किया। इरफान पठान ने इस टीम में सरफराज खान को शामिल किया और साथ में ये भी कहा कि अगर एमएस धोनी को मौका दिया जाता है तो फिर सरफराज खान को बाहर होना पड़ सकता है।

संजू सैमसन-आयुष म्हात्रे ओपनर

इरफान पठान ने सीएसके के ओपनर के रूप में संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे का चयन किया। इरफान ने संजू के बारे में कहा कि उनका जिस तरह का फॉर्म था वो कमाल का था और इस सीजन में वो अलग ही अंदाज में नजर आने वाले हैं। ये दुनिया की सबसे मुश्किल लीग है, लेकिन संजू इसमें चेन्नई के लिए अच्छा काम करेंगे और टीम को आगे लेकर जाएंगे। संजू चेन्नई के लिए मैच फिनिश करते हुए भी नजर आएंगे जबकि आयुष म्हात्रे का अंदाज भी बेबाक है और वो तेज गेंदबाजों को अच्छा खेलते हैं।

तीसरे नंबर पर ऋतुराज गायकवाड़

इरफान पठान ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को तीसरे नंबर पर रखा और कहा कि उनके पास गेम को चलाते रहने की जिम्मेदारी होगी और इसके बाद शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस होंगे। यानी ये स्पिन हिटर हैं और एक तरफ से विकेट संभलती रहे और दूसरे तरफ से रन आते रहें तो इस तरह की काबिलियत वाला कोई बैटर है तो वो ऋतुराज गायकवाड़ हैं। संजू और आयुष हाई रिस्क क्रिकेट खेलेंगे और अगर वो आउट हो जाते हैं तो फिर ऋतुराज का रोल अहम होगा।

छठे स्थान पर सरफराज को मौका

इरफान पठान ने छठे नंबर पर सरफराज खान को रखा और कहा कि मुझे लगता है कि इस बल्लेबाज के लिए टीम में जगह है, लेकिन धोनी अगर ये कहते हैं कि मैं खेल रहा हूं तो सरफराज खान की जगह नहीं बनेगी, लेकिन फिलहाल मेरे लिए वो छठे नंबर पर हैं। इसके बाद उन्होंने 7वें नंबर पर कार्तिक शर्मा और 8वें स्थान पर प्रशांतवीर को रखा। यानी 8 नंबर तक टीम के पास बैटिंग हो गई और प्रशांतवीर जैसा आपके पास ऑलराउंडर हो गया।

एमएस धोनी प्लेइंग से बाहर

इरफान ने कहा कि 9 नंबर पर पहले नाथन एलिस आने वाले हैं, लेकिन वो अब नहीं खेलेंगे ऐसे में इस नंबर पर टीम अकील होसेन की तरफ जा सकती है। इसके बाद 10वें नंबर पर मैच हेनरी और 11वें नंबर पर स्पिनर नूर अहमद होंगे। इरफान ने 12वें नंबर पर खलील अहमद को रखा, लेकिन ये भी कहा कि टीम अगर किसी भारतीय गेंदबाज के साथ कंडीशन को देखते हुए जाना चाहती है तो फिर उनके पास मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह और अंशुल कंबोज का भी विकल्प है। इरफान ने इस टीम का चयन अपने यूट्यूब चैनल पर किया।

आईपीएल 2026 के लिए इरफान पठान ने चुनी सीएसके की प्लेइंग 11

संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, कार्तिक शर्मा, प्रशांतवीर, अकील होसेन, मैट हेनरी, नूर अहमद, खलील अहमद (12वां खिलाड़ी), (मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह, अंशुल कंबोज)।

ये खबरें भी पढ़ें

श्रेयस अय्यर की पंजाब किंग्स के लिए बुरी खबर आई सामने, पहले 7 मैचों में नहीं खेल पाएगा टीम का स्टार तेज गेंदबाज

CSK की बेस्ट ओपनिंग पेयर का IPL 2026 के लिए पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने किया चयन, नंबर 3 पर इन्हें दी जगह