भारतीय टीम आयरलैंड और इंग्लैंड में हार के बाद जिम्बाब्वे में 3-0 की जीत के साथ पटरी पर लौटी है। मगर टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन सवालों के घेरे में है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पिछली छह पारियों में खासतौर से काफी निराश किया है। उनका पिछली छह पारियों में सर्वोच्च स्कोर 16 रन ही है। इसी कारण टीम इंडिया के पूर्व विश्व चैंपियन खिलाड़ी ने उनके ऊपर चयनकर्ताओं से कड़ा फैसला लेने की मांग की है।

अभिषेक की पिछली 10 पारियों की बात करें तो वह सिर्फ एक अर्धशतक ही लगा पाए हैं। उन्होंने इस दौरान 191 रन ही बनाए हैं। आयरलैंड दौरे पर 49 और 0, इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो मैचों में 59 और 43 रन के बाद अभिषेक शर्मा का बल्ला खामोश है। उसके बाद लगातार उन्हें छह मौके मिले। जबकि संजू सैमसन को इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच और आयरलैंड के खिलाफ पहले दो मैच में फ्लाप होने के बाद तीन पारियों को देखते ही बाहर कर दिया गया था।

यही कारण है अब पूर्व क्रिकेटर इस पर सवाल उठा रहे हैं। पहले हनुमा विहारी ने इस पर सवाल पूछा था। अब भारत के पूर्व चयनकर्ता और 1983 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम के स्टार ओपनर कृष्णमचारी श्रीकांत ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने संजू सैमसन की 100 प्रतिशत वापसी होने की बात कही है। जबकि अभिषेक शर्मा के खिलाफ उन्होंने चयनकर्ताओं से कड़ा फैसला लेने के लिए कहा है।

क्या बोले श्रीकांत?

पूर्व भारतीय चयनकर्ता ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,”अभिषेक शर्मा को अब विपक्षी टीमों ने इंटरनेशनल क्रिकेट में समझ लिया है, आप वर्ल्ड कप के वक्त से यह देख सकते हैं। मुझे लगता है कि उनके खिलाफ अब कड़ा फैसला लेना चाहिए। मुझे यह भी लगता है कि संजू को अब मौका मिलेगा। उन्हें 100 प्रतिशत अब टीम में लाया जाएगा। चयनकर्ताओं को अब सख्त फैसला लेना होगा।”

हालांकि, संजू सैमसन एशियाई खेलों के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में शामिल हैं। मगर वैभव सूर्यवंशी भी उस टीम का हिस्सा हैं। पहले देखा जा चुका है कि संजू और वैभव में से किसी एक को ही प्लेइंग 11 में जगह मिली है। अभिषेक शर्मा लगातार हर मैच खेल रहे हैं। अब उनका प्रदर्शन सवालों के घेरे में है। यही कारण है कि क्रिकेट पंडित उनकी आलोचना करने लगे हैं। अब देखना होगा कि भारत के अगले टी20 असाइनमेंट में कौन सी ओपनिंग जोड़ी नजर आती है।

‘अभिषेक शर्मा ने कितने रन बनाए?’, संजू को बाहर करने पर भड़का भारतीय खिलाड़ी, भेदभाव का लगाया आरोप

पिछले महीने भारत के आयरलैंड दौरे से अपनी पिछली 10 पारियों में अभिषेक ने सिर्फ 191 रन बनाए हैं। इसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है। खास बात यह है कि बाएं हाथ का यह खिलाड़ी पिछली चार पारियों में दहाई का आंकड़ा पार नहीं किया है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर