भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप लगातार दूसरी बार दो साल के अंदर जीता है। वहीं पिछले दो साल में मेंस टीम ने तीन आईसीसी टाइटल जीते हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि हर साल होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट से अब आईसीसी खिताब की जीत की खुशी में गिरावट आई है। वहीं अगर इसकी तुलना 1983 और 2011 वर्ल्ड कप में भारत की जीत से की जाए तो दोनों में जमीन-आसमान का अंतर है। ऐसा ही बयान कुछ भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने दिया है।

संजय मांजरेकर ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए यह कहने की कोशिश की है कि 1983 और 2011 वर्ल्ड कप में भारत को जीत मिली थी, उसके सामने यह 2026 टी20 वर्ल्ड कप की जीत कहीं नहीं टिकती है। फैंस को यह बयान अजीब भी लग सकता है। क्योंकि हर आईसीसी खिताब की अलग अहमियत होती है। मांजरेकर ने यह साफ किया कि हर साल होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट को अलग नजरिए से देखना चाहिए।

संजय मांजरेकर ने लिखी बड़ी बात

संजय मांजरेकर ने एक्स हैंडल पर अंग्रेजी में पोस्ट किया और उसका हिंदी में साफ मतलब यह था कि,”समय के साथ हमें हर साल होने वाले इन विश्व कप खिताबों (World Titles) को सही नजरिए से देखने की जरूरत है। भारत की यह T20 विश्व कप जीत, कपिल देव की कप्तानी में 1983 और धोनी की कप्तानी में 2011 की 50 ओवरों वाली विश्व कप जीत की चुनौती और उसकी पवित्रता के सामने कहीं भी नहीं ठहरती।”

दरअसल 1983 और 2011 की बात करें तो यह वो दौर थे जब भारतीय टीम के लिए आईसीसी ट्रॉफियों का सूखा था। 1983 में पहली बार वेस्टइंडीज के साम्राज्य को खत्म करते हुए भारत चैंपियन बना था। फिर 2011 में भारत ने 28 साल का सूखा खत्म करते हुए ऑस्ट्रेलिय की बादशाहत को खत्म किया था और विश्व कप जीता था। उस समय की चुनौतियां अलग थीं।

उस वक्त किसी ना किसी और टीम की बादशाहत कायम थी। जबकि इस बार भारत की बात करें तो भारतीय टीम 2024 में चैंपियन बनी थी। उसके बाद से विश्व कप तक टीम एक भी सीरीज नहीं हारी। भारतीय टीम की टी20 में बादशाहत लगातार दो साल से जारी थी। उस लिहाज से यह बेहद आम बात थी कि भारत विश्व कप जीता। वहीं पिछले सभी मौकों पर भारत ने बतौर अंडरडॉग्स उपलब्धि हासिल की थी। यह इस जीत और 1983 व 2011 की जीत में सबसे बड़ा अंतर है।

यह भी पढ़ें- अजीत अगरकर: टीम इंडिया का साइलेंट गेम-चेंजर, जिसने स्टार कल्चर को चुनौती देकर बदली टीम इंडिया की सोच
यह भी पढ़ें- गौतम गंभीर ने बताया भारत के लिए क्या था इस वर्ल्ड कप का टर्निंग पॉइंट, धोनी की पोस्ट पर हेड कोच ने हंसकर दिया जवाब