भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने कहा कि संजू सैमसन को टीम से बाहर करने का एकमात्र सही कारण उनकी फिटनेस है। उन्होंने ओपनर को सलाह दी कि वह बेहतरीन फिजिकल कंडीशन में रहने के लिए विराट कोहली के नक्शेकदम पर चलें। संजू को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली भारत की अगली सीरीज से बाहर रखा गया है।
संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भी सिर्फ एक मैच ही खेला है। दूसरे और तीसरे मैच में संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को प्राथमिकता दी गई है।
संजय मांजरेकर ने X पर कहा, ‘‘संजू सैमसन को बाहर करने का एकमात्र सही कारण उनकी फिटनेस है। अगर यही कारण है तो यह सही फैसला है। बेहतरीन फिजिकल कंडीशन में न रहकर संजू सैमसन खुद का नुकसान कर रहे हैं। अपने करियर के इस पड़ाव पर संजू सैमसन को विराट कोहली को अपना रोल मॉडल मानना चाहिए।’’
भारत की हार को लेकर संजय मांजरेकर ने लिखा, भारत और इंग्लैंड के बीच कई अंतर हैं, लेकिन सबसे बड़ा अंतर यह है कि इंग्लैंड के बल्लेबाज तकनीक, टाइमिंग और सही शॉट चयन के साथ रन बना रहे हैं, जबकि हमारे बल्लेबाज बिना सोच-समझ के सिर्फ ताकत के भरोसे बड़े शॉट लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दौरान प्लेइंग इलेवन से संजू सैमसन को बाहर करने के टीम के फैसले पर बात की। मंगलवार आठ जुलाई 2026 को ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के 201 रन के जवाब में भारत के मात्र 76 रन पर सिमट जाने के कुछ ही देर बाद गौतम गंभीर ने बल्लेबाजी क्रम से संजू सैमसन को हटाने के फैसले की समीक्षा की।
गौतम गंभीर ने टी20 इंटरनेशनल में पहली बार भारत के 100 रन से ज्यादा के अंतर से हारने के बाद कहा, ‘‘सबसे पहली बात तो यह है कि संजू सैमसन को जिस स्पष्टता की जरूरत थी, वह मेरी तरफ से उन्हें दे दी गई है। यह बातचीत पूरी तरह से खिलाड़ी और हेड कोच के बीच की है। यह बातचीत बाहर नहीं आएगी।’’
गौतम गंभीर ने कहा, ‘‘संजू के बारे में, हम बहुत स्पष्ट हैं कि उन्होंने भारत के लिए जो किया है वह शानदार रहा है और कभी-कभी आपको किसी खिलाड़ी की फॉर्म को भी देखना पड़ता है। ऐसा कोई सख़्त नियम नहीं है कि वह इस सीरीज में वापसी नहीं कर सकते।’’
लगातार हार के सिलसिले के बाद भारत के चयन पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन गौतम गंभीर ने टीम मैनेजमेंट के फैसलों का समर्थन किया। गौतम गंभीर ने जोर देकर कहा कि खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बनाए रखने के लिए अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
गौतम गंभीर ने कहा, ‘‘इंटरनेशनल क्रिकेट नतीजों का खेल है, इसलिए हमें जो भी कॉम्बिनेशन सबसे अच्छा लगता है, हम उसी कॉम्बिनेशन और प्लेइंग XI के साथ खेलते हैं। मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि हर किसी को अपनी जगह और भारत के लिए खेलने का हक हासिल करना होता है।’’
IND vs ENG: जोफ्रा आर्चर की भारतीय टीम को चेतावनी: कहा- यह IPL नहीं, इंग्लैंड में गुड लेंथ पर गेंद डालो
तीसरे टी20 में 125 रन की जीत के बाद जोफ्रा आर्चर ने IPL और इंग्लैंड की परिस्थितियों का अंतर बताते हुए कहा कि यहां गुड लेंथ पर गेंदबाजी ज्यादा प्रभावी होती है। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के साथ अपनी टक्कर और भारतीय बल्लेबाजों पर भी खुलकर बात की। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
