भारत के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने कहा कि युवा भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने जाने के हकदार थे। यशस्वी को टीम में नहीं चुना गया और अब चयनकर्ताओं को उनसे माफी मांगनी चाहिए। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जून से होगी।

अफगानिस्तान के खिलाफ जिस भारतीय टीम का चयन किया गया उसमें कई बदलाव देखने को मिले। यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत दोनों को ही टीम से बाहर कर दिया गया जबकि अक्षर पटेल को भी मौका नहीं दिया गया तो वहीं इशान किशन की टीम में वापसी हुई। सीमर प्रिंस यादव और गुरनूर बरार को पहली बार टीम में जगह मिली उनके साथ ही बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को भी टीम में शामिल किया गया।

यशस्वी जायसवाल से मांगनी चाहिए माफी

स्पोर्टस्टार पर बात करते हुए संजय मांजरेकर ने कहा कि चयनकर्ताओं को यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ियों से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे उम्रदराज दिग्गजों को तरजीह देते हुए इन युवा खिलाड़ियों की अनदेखी की। उन्होंने आगे कहा कि साई सुदर्शन ने वनडे में भारत के लिए टॉप ऑर्डर में खेलते हुए पिछली कुछ पारियों में दो बार 50 रन बनाए हैं। यशस्वी जायसवाल ने पिछले वनडे में 116 रन की नाबाद पारी खेली थी और ये खिलाड़ी भारत के लिए नहीं खेल रहे हैं।

मांजरेकर ने आगे कहा कि सेलेक्टर्स ने एक ऐसे अनुभवी खिलाड़ी (रोहित शर्मा) को चुना है जिसकी फिटनेस पर सवालिया निशान है और वह साफ तौर पर फॉर्म में नहीं है। मुझे यह समझाओ, इसके पीछे क्या लॉजिक है, क्या सोच है। अगर उन्हें मजबूर होकर किसी भी वजह से समझौता करना पड़ा और रोहित शर्मा को चुनना पड़ा तो सबसे पहले उन्हें फोन उठाकर जायसवाल से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि यह एक युवा खिलाड़ी है जिसने सबसे मुश्किल स्तर पर भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। वह अभी अपने करियर के शिखर पर है और उसका भविष्य बहुत उज्ज्वल है।

संजय का कहना है कि आपके पास गिल, साई सुदर्शन और जायसवाल के रूप में टॉप तीन खिलाड़ी मौजूद हैं जो इस भूमिका के लिए एकदम सही हैं फिर भी आप उनका साथ नहीं दे रहे हैं और रोहित शर्मा की तरफ जा रहे हैं। कम से कम विराट कोहली के मामले में तो कुछ बात समझ में भी आती है, लेकिन रोहित को लेकर ऐसा क्यों है। ऐसा हो ही नहीं सकता कि चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर को यह लगता हो कि भारतीय क्रिकेट के लिए आगे बढ़ने का यही सही तरीका है। मैं तो कल्पना भी नहीं कर सकता कि उन्हें ऐसा लगता होगा। अगर आप रोहित और विराट पर ही इतना ज्यादा ध्यान देंगे कि बाकी सभी को नजरअंदाज कर देंगे, तो एक समय ऐसा आता है जब आपको भारतीय क्रिकेट के भविष्य के बारे में सोचना पड़ता है। गिल, किशन, सुदर्शन और गायकवाड़ जैसे ये सभी बल्लेबाज बेहतरीन दर्जे के हैं। उन्हें 10 पारियां दीजिए वे भी आपको वही आंकड़े देंगे जो विराट और रोहित ने दिए हैं।

ऋतुराज-रहाणे ओपनर; सूर्यकुमार, पंत, बुमराह भी शामिल; लीग स्टेज के बाद IPL 2026 की सबसे खराब प्लेइंग 11

आईपीएल 2026 में कई ऐसे प्लेयर रहे जिन्होंने अपनी प्रतिभा के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया और अच्छा करने के लिए 70 मैचों के दौरान जूझते नजर आए। अब इस सीजन के लीग स्टेज के बाद सबसे खराब प्लेइंग 11 में इन खिलाड़ियों को जगह दी गई। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)