MMA Fight Between Sangram Singh And Florian Coudier: रविवार पांच अप्रैल 2026 की देर रात जब देश सो रहा था, तब MMA आइकन संग्राम सिंह ब्यूनस आयर्स में इतिहास रच रहे थे। संग्राम सिंह खुद से 16 साल छोटे फ्रांस के फाइटर फ्लोरियन काउडियर को हराकर अर्जेंटीना में MMA फाइट जीतने वाले पहले भारतीय बने।

संग्राम सिंह ने बयूनस आयर्स के खचाखच भरे टिगरे स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में महज एक मिनट 45 सेकंड में धराशायी किया। संग्राम सिंह ने तिबस्ली (जॉर्जिया) और एम्स्टर्डम (नीदरलैंड्स) में जीत के बाद एमएमए में जीत की हैट्रिक पूरी की। फ्लोरियन काउडियर के खिलाफ लड़ाई में संग्राम सिंह को कुश्ती के दांव पेंचों का काफी फायदा हुआ। संग्राम सिंह ने अपनी पहली MMA फाइट में पाकिस्तानी फाइटर को 90 सेकंड में हराया था। दूसरी फाइट उन्होंने दूसरे राउंड में जीती थी।

मैं या तो जीतता हूं या सीखता हूं: संग्राम सिंह

जीत के बाद रिंग पर दिए उनके एक बयान से पूरा एमएमए एरिना तालियों के शोर से गूंज उठा। स्टेडियम के एक कोने से भारत माता की जय के भी नारे लग रहे थे। दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैंपियन संग्राम सिंह ने कहा कि मेरे लिए जीत-हार कोई मायने नहीं रखती। मैं या तो जीतता हूं या सीखता हूं। मैं अक्सर कहता हूं कि पैशन की कोई उम्र नहीं होती। मेरा अर्जेंटीना में फाइट जीतकर पहले भारतीय बनने का सपना साकार हुआ।

योग और प्राणायाम को दिया कामयाबी का श्रेय

संग्राम सिंह ने कहा कि अब वह काफी हल्का महसूस कर रहे हैं। दिमाग का सारा बोझ दूर हो गया है। सुबह उठकर उन्होंने जल नीति की। प्राणायाम और योग किया। सूर्य देवता को जल चढ़ाया। हनुमान चालीसा का पाठ किया। संग्राम सिंह ने अपनी कामयाबी का श्रेय योग और प्राणायाम को दिया। उन्होंने युवाओं से इसी अनुशासन के साथ कड़ी मेहनत करने की अपील की।

संग्राम सिंह ने आयोजकों के साथ ही अपने कोच भूपेश का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पिछले 25 साल से उनके साथ हैं। वह भी मुझे कामयाबी दिलाने में दिन-रात जुटे रहे। उन्होंने कहा कि जीत के बाद उन्हें देश विदेश से बधाई संदेशों का तांता लग गया। संग्राम सिंह पेशेवर कुश्ती में भी वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन रह चुके हैं।

फाइट से पहले कम किया 600 ग्राम वजन

फ्लोरियन काउडियर के खिलाफ फाइट को लेकर संग्राम सिंह ने कहा कि इस बार हालात उनके लिए काफी मुश्किल थे। प्रतियोगिता से दो दिन पहले उनका वजन तय सीमा से 600 ग्राम अधिक था। वजन कम करने के लिए संग्राम सिंह ने कोच के साथ कड़ी मेहनत की। खूब पसीना बहाया। दिन भर में आधा गिलास पानी पिया। संग्राम सिंह 83 किलो वजन में उतरे जहां दो किलो की छूट थी।

अर्जेंटीना रवाना होने से पहले जनसत्ता के साथ संग्राम सिंह ने खास बातचीत की। देखें Exclusive Interview: WATCH VIDEO

Sangram Singh vs Florian Coudier: एमएमए फाइट से पहले दोनों रेसलर्स का आमना-सामना

भारतीय रेसलर संग्राम सिंह अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में अपनी सबसे खास एमएमए फाइट लड़ने को तैयार हैं। उनका सामना फ्लोरियन काउडियर से होगा। इस फाइट से एक दिन पहले दोनों रेसलर्स का आमना-सामना हुआ। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें