रणजी ट्रॉफी 2026-27 का आगाज 11 अक्टूबर से होना है। इस घरेलू टूर्नामेंट के लिए अलग-अलग राज्यों की टीमें अपना स्क्वाड जारी कर रही हैं। हाल ही में महाराष्ट्र और मुंबई के स्क्वाड पर काफी चर्चा हुई थी। इसी कड़ी में अब बिहार का स्क्वाड भी सामने आ गया है। पिछले सीजन बिहार के लिए कमाल करने वाले वैभव सूर्यवंशी इस बार टीम का हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि वह भारतीय क्रिकेट टीम के साथ हैं।

वैभव सूर्यवंशी मौजूदा वेस्टइंडीज सीरीज के स्क्वाड का हिस्सा हैं। इसके बाद वह न्यूजीलैंड दौरे पर भी टीम के साथ जाएंगे और 22 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इस कारण वैभव का चयन मौजूदा बिहार की टीम में नहीं हुआ है। वह पिछले सीजन टीम के उपकप्तान थे। वहीं सकीबुल गनी को इस बार भी टीम का कप्तान बनाया गया है और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2026 में प्रभावित करने वाले साकिब हुसैन को टीम में जगह मिली है।

साकिब हुसैन पर सभी की नजरें होंगी। उन्होंने आईपीएल 2026 में डेब्यू किया और 11 मैचों में 15 विकेट अपने नाम किए। बिहार की टीम का उपकप्तान हिमांशु सिंह को बनाया गया है। घरेलू क्रिकेट में बल्लेबाजी से प्रभावित करने वाले आयुष लोहारुका को भी इस टीम में जगह मिली है। बिहार का यह स्क्वाड पहले दो मैचों के लिए जारी हुआ है। 6 स्टैंडबाय खिलाड़ियों का नाम भी इसमें शामिल है।

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले दो मैचों के लिए बिहार का स्क्वाड

सकीबुल गनी (कप्तान), हिमांशु सिंह (उपकप्तान), आयुष लोहारुका, मंगल महरौर, नमन गौरव, पीयूष सिंह, बिपिन कुमार सौरभ (विकेटकीपर), श्रमण निग्रोध (विकेटकीपर), आकाश राज, पृथ्वी राज, खालिद आलम, सूरज कुमार कश्यप, साकिब हुसैन, मोहम्मद इजहार, शब्बीर खान, राघवेंद्र सिंह, अमोद यादव।

स्टैंडबाय- नवाज खान, मलय राज, दानिश आलम, तरुण कुमार सिंह, सचिन कुमार सिंह, प्रशांत कुमार सिंह।

बिहार का पहला मैच किसके साथ?

बिहार की टीम अपना पहला मुकाबला 11 अक्टूबर से यूपी के खिलाफ खेलेगी। बिहार को एलीट ग्रुप ए में जगह मिली है। इस ग्रुप में बिहार, यूपी, बड़ौदा, गोवा, जम्मू कश्मीर, मध्यप्रदेश, पुडुचेरी और विदर्भ शामिल हैं। बिहार की टीम दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर से बड़ौदा के खिलाफ खेलने उतरेगी। इन दो मैचों के बाद टीम के स्क्वाड में बदलाव नजर आ सकता है। इस लेग में वैभव का खेलना मुश्किल है। 1 नवंबर तक यह सीरीज खेली जाएगी और 2 नवंबर से रणजी के इस लेग का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। जनवरी में होने वाले दूसरे लेग में वैभव नजर आ सकते हैं।

आयुष म्हात्रे बने उपकप्तान, यशस्वी-सरफराज भी शामिल, सूर्यकुमार यादव को जगह नहीं; रणजी ट्रॉफी के लिए मुंबई की टीम का ऐलान

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए मुंबई की टीम का ऐलान हो गया है। इस टीम की कमान सिद्धेश लाड संभालेंगे, वहीं युवा आयुष म्हात्रे उपकप्तान बने हैं। भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम में जगह नहीं मिल पाई है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर