शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस दूसरी बार विनर बनने के इरादे से आईपीएल 2026 में मैदान पर उतरेगी। गुजरात ने साल 2022 में आईपीएल में डेब्यू किया था और पहले ही सीजन में विनर बनी थी, लेकिन तब टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या थे। अब गिल इस टीम के कप्तान हैं और इस सीजन के लिए टीम में कुछ नए खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। आईपीएल के इस सीजन के लिए गुजरात की बेस्ट प्लेइंग इलेवन क्या होनी चाहिए इसका चयन पूर्व भारतीय खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा और मोहम्मद कैफ ने मिलकर किया।
कगिसो रबादा को प्लेइंग 11 में नहीं मिली जगह
पुजारा और कैफ ने गुजरात की जिस प्लेइंग इलेवन का चयन किया उसमें उन्होंने साउथ अफ्रीका के स्टार तेज बॉलर कगिसो रबादा को शामिल नहीं किया जो हैरान करने वाला रहा। रबादा को गुजरात ने इस सीजन के लिए रेिटेन किया था जबकि अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बेंटन, पृथ्वीराज यात्रा और ल्यूक वुड को मिनी निलामी में टीम के साथ जोड़ा था। पुजारा और कैफ ने स्टार स्पोर्ट्स पर मिलकर इस टीम की प्लेइंग 11 का चयन किया।
गिल-साई सुदर्शन ओपनर
इन दोनों खिलाड़ियों ने ओपनर के रूप में कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन का चयन किया। साई सुदर्शन ने आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था और ऑरेंज कैप विनर भी रहे थे। पुजारा और कैफ ने तीसरे नंबर पर जोस बटलर को जगह दी जो पहले राजस्थान टीम का हिस्सा थे। बटलर तेज बैटिंग के लिए जाने जाते हैं, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनका प्रदर्शन इंग्लैंड के लिए काफी खराब रहा था। बटलर टीम के विकेटकीपर भी हैं।
सुंदर को 5वें स्थान पर रखा
पुजारा और कैफ ने चौथे नंबर पर ग्लेन फिलिप्स को रखा जबकि स्पिन ऑलराउंजर वाशिंगटन सुंदर को पांचवें स्थान पर जगह दी। उन्होंने कहा कि इस टीम के टॉप 5 में किसी भी तरह का बदलाव नहीं देख रहे हैं और ये खिलाड़ी टॉप में जरूर होंगे। पुजारा ने नंबर 6 के लिए राहुल तेवतिया का चयन किया और कहा कि कैफ भाई मुझसे सहमत हैं या नहीं, लेकिन मैं रबादा के साथ भी नहीं जाऊंगा जिनका प्रदर्शन इन दिनों अच्छा नहीं रहा है। पुजारा ने 7वें नंबर पर होल्डर को रखा और कहा कि वो अच्छी लय में हैं और बैटिंग के साथ-साथ गेंदबाजी का भी विकल्प उपलब्ध करवाते हैं।
सिराज-कृष्णा के रूप में दो तेज गेंदबाज
कैफ ने भी कहा कि वो पुजारा से सहमत हैं और होल्डर गुजरात के लिए काफी उपयोगी हो सकते हैं। इसके बाद दोनों ने फिनिशर के रूप में शाहरुख खान को टीम में जगह दी साथ ही साथ इसके बाद राशिद खान को रखा जो बेहतरीन बैटिंग भी निचले क्रम पर कर लेते हैं। शाहरुख और राशिद स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं वहीं कैफ और पुजारा ने टीम में प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज के रूप में दो तेज गेंदबाजों को भी जगह दी।
पुजारा-कैफ ने चुनी आईपीएल 2026 के लिए गुजरात टाइटंस की प्लेइंग 11
शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, शाहरुख खान, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
ये खबरें भी पढ़ें
पृथ्वी शॉ-राहुल ओपनर, मिचेल स्टार्क आउट; आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग 11
संजू सैमसन 5वें तो इशान किशन इस नंबर पर, IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर
