भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर सदागोपन रमेश ने रोहित शर्मा की रिटायरमेंट की खबरों के बीच भारतीय सेलेक्टर्स को जमकर लताड़ा है। रोहित शर्मा का बल्ला इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले दो मैचों में नहीं चला और कहा जा रहा है कि लॉर्ड्स वनडे उनके करियर का आखिरी मैच साबित हो सकता है।

रोहित शर्मा को लेकर अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए पूर्व क्रिकेटर रमेश ने कहा कि अगर हर मैच के साथ आपके सिर पर तलवार लटकी हो तो कोई भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएगा। क्या सेलेक्टर और कोच इस बात को मानेंगे कि उनकी भूमिका हर सीरीज जीतने पर ही टिकी हो, नहीं इसीलिए उन्हें सीधे दो या तीन साल का कॉन्ट्रैक्ट दिया जाता है। इसलिए जब दिग्गजों की बात हो तो सिर्फ एक या दो मैचों के आधार पर कोई फैसला लेना गलत है।

रोहित शर्मा पर है दवाब

रमेश ने आगे कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि टीम मैनेजमेंट को सुपरस्टार्स से क्या दिक्कत है। कोई भी रातों-रात सुपरस्टार नहीं बनता। सुपरस्टार वही बनते हैं जो लगातार 15 सालों तक अच्छा प्रदर्शन करते हैं। इसलिए उन्हें उचित सम्मान और वैसा ही बर्ताव मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि याद कीजिए कि रोहित शर्मा ने 2023 वर्ल्ड कप में कैसा खेला था। जो खिलाड़ी टीम को तेज शुरुआत दिलाने के लिए अपना विकेट गंवाने को भी तैयार रहता था, उसे अब ऐसे खिलाड़ी में बदल दिया गया है जिसे टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए इस दबाव के बीच अपना विकेट नहीं गंवाना है।

साउथ अफ्रीका में रोहित की होगी जरूरत

सदागोपन रमेश ने आगे कहा कि अगला वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका में हो रहा है जहां पिच पर उछाल (बाउंस) होगा। ऐसे में रोहित का चयन फायदेमंद ही साबित होगा क्योंकि उछाल वाली गेंदों को खेलने में वे माहिर हैं। अगर भारत रोहित के बिना वर्ल्ड कप खेलता है तो यह न सिर्फ उनके लिए बल्कि टीम इंडिया के लिए भी नुकसानदेह होगा। आपको बता दें कि रोहित शर्मा वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं जिन्होंने 60 से ऊपर की औसत से 1575 रन बनाए हैं।

रोहित शर्मा ने तोड़ा इंजमाम-उल-हक का रिकॉर्ड, वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाज

रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 26 रन की पारी खेली और वो वनडे प्रारूप में रन बनाने के मामले में पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इंजमाम-उल-हक से आगे निकल गए। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)