टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड का सामना साउथ अफ्रीका से होगा। यह मैच कोलकाता ईडेन गार्डन में खेला जाएगा। इस मैच में अगर बारिश के कारण बाधा पड़ती है तो रिजर्व डे भी रखा गया है। अगर रिजर्व डे पर भी मैच नहीं हो पाता है तो न्यूजीलैंड को अंकतालिका के आधार पर बाहर होना पड़ सकता है। इसी को देखते हुए जानते हैं सेमीफाइनल के दिन कोलकाता में मौसम का कैसा मिजाज रहने वाला है।

क्या है मौसम का पूर्वानुमान?

कोलकाता में पहले सेमीफाइनल मैच के दिन आसमान साफ रहने वाला है। इस दिन बारिश के आसार ना के बराबर हैं। दिन के समय कोलकाता में धूप खिली रहेग। तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। रात तक तापमान गिरकर 19 डिग्री तक जा सकता है। दिन या रात किसी भी समय बारिश के आसार कतई नहीं है। हल्की हवा चलेगी जिससे तेज गेंदबाज मूवमेंट हासिल कर सकते हैं।

नहीं निकला परिणाम तो कैसे न्यूजीलैंड होगा बाहर?

बारिश का फिलहाल तो कोई पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन अगर मौसम बिगड़ा और मैच के निर्धारित दिन मैच नहीं हो पाया, तो रिजर्व डे का उपयोग किया जाएगा। रिजर्व डे पर भी अगर मैच नहीं हुआ तो साउथ अफ्रीका सीधे फाइनल में जाएगी। क्योंकि सुपर 8 के अंत तक साउथ अफ्रीका ग्रुप 1 में टॉप पर थी, वहीं ग्रुप 2 में न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर थी। ऐसे में साउथ अफ्रीका के लिए बारिश फायदेमंद हो सकती है।

कैसा रहेगा कोलकाता की पिच का मिजाज?

कोलकाता के ईडेन गार्डन में पिच एकदम सूखी मिलने वाली है। यहां पूरे टूर्नामेंट में पिच से बल्लेबाजों को मदद मिली है। अभी तक इस मैदान का औसत स्कोर 182 रन रहा है। वहीं यहां पर उछाल होगा जिसका तेज गेंदबाज भी फायदा उठा सकते हैं। यहां पेसर्स स्पिन गेंदबाजों के मुकाबले ज्यादा असरदार साबित हो सकते हैं। वहीं रात के समय ओस गिरेगी, इस कारण टॉस जीतकर कप्तान पहले गेंदबाजी भी चुन सकते हैं।

यह भी पढ़ें- 19 साल, 5 मैच और साउथ अफ्रीका से कभी नहीं जीत पाया न्यूजीलैंड; क्या सेमीफाइनल में बदलेगा परिणाम
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: बारिश से धुला सेमीफाइनल तो इंग्लैंड खेलेगा फाइनल, जानें टी20 विश्व कप में रिजर्व डे का नियम