टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। कीवी टीम किस्मत के सहारे नेट रनरेट के भरोसे अंतिम 4 में पहुंची है। दूसरी तरफ साउथ अफ्रीका ने ग्रप स्टेज की शुरुआत से सुपर 8 के अंत तक सभी 7 मुकाबले जीते हैं। ऐसे में प्रोटियाज का पलड़ा निश्चित ही भारी है। वहीं अभी तक एक बार भी टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की टीम साउथ अफ्रीका को हरा नहीं पाई है।

यह कहानी 2007 टी20 वर्ल्ड कप से शुरू हुई थी और 2026 के ग्रुप स्टेज तक कुल पांच बार दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ। हर मौके पर बाजी प्रोटियाज ने मारी और 19 साल में एक बार भी कीवी टीम को जीत नहीं नसीब हुई। मौजूदा टूर्नामेंट में भी ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था। अब सेमीफाइनल में कीवी टीम के पास मौका होगा 19 साल का इंतजार खत्म करने पर।

कब-कब टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका से हारा न्यूजीलैंड?

टी20 वर्ल्ड कप में 2007 में पहली बार साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को हराया था। उसके बाद 2009, 2010, 2014 और 2026 में भी नतीजा बदल नहीं पाया। साउथ अफ्रीका ने पिछले पांच मौकों पर हर बार कीवी टीम को टी20 वर्ल्ड कप में धूल चटाई है। अब दोनों टीमों का सामना मौजूदा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में होने वाला है।

पहला सेमीफाइनल मुकाबला 4 फरवरी बुधवार को कोलकाता के ईडेन गार्डन में खेला जाएगा। इस मैच से पहले पिछले वर्ल्ड कप की उपविजेता सभी सात मुकाबले जीतकर अजेय रहते हुए यहां तक पहुंची है। जबकि न्यूजीलैंड को ग्रुप स्टेज में अफ्रीका और सुपर 8 में इंग्लैंड ने धूल चटाई थी। न्यूजीलैंड की टीम ग्रुप 2 से बेहतर नेट रनरेट के चलते सेमीफाइनल में पहुंची है।

ये हैं दोनों टीमों के स्क्वाड

साउथ अफ्रीका: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रियान रिकल्टन, ऐडेन मार्कराम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, कॉर्बिन बॉश, मार्को यान्सेन, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्खिया, क्वेना मफाका, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे।

न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जिमी नीशम, मैट हेनरी, ईश सोढी, लॉकी फर्ग्युसन, जैकब डफी, काइल जैमीसन, डेवोन कॉन्वे, कोल मैककोन्ही।

यह भी पढ़ें- ICC टूर्नामेंट में भारत-इंग्लैंड के बीच 5वां सेमीफाइनल, दो बार हार चुकी है टीम इंडिया
यह भी पढ़ें- अभिषेक शर्मा नंबर 1 पर, ब्रेविस ने तोड़ा रसेल का रिकॉर्ड; सबसे तेज 50 T20I छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज