टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को करारी शिकस्त देते हुए फाइनल में जगह बना ली है। इसी के साथ एक बार फिर साउथ अफ्रीका का व्हाइट बॉल आईसीसी ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया है। टी20 वर्ल्ड कप में यह प्रोटियाज का चौथा सेमीफाइनल था जिसमें तीसरी बार टीम को हार का सामना करना पड़ा है। फिन एलन ने नाबाद रहते हुए 100 रन बनाए और कीवी टीम को शानदार जीत दिलाई।

न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया। इसी के साथ एक बार फिर साउथ अफ्रीका का चोकर्स का टैग साबित हो गया है। टीम ने इस टूर्नामेंट में इससे पहले सभी सात मैच जीते थे और यहां तक अजेय रहते हुए आई थी। मगर इस सेमीफाइनल मैच में प्रेशर नहीं संभाल पाई और न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका पर एकतरफा जीत दर्ज की है।

आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में 13वीं हार

साउथ अफ्रीका का ओवरऑल आईसीसी टूर्नामेंट में यह 15वां सेमीफाइनल था जिसमें से 13 बार अब टीम हार चुकी है। सिर्फ दो बार टीम को सेमीफाइनल में जीत मिली है। टी20 वर्ल्ड कप में एकमात्र सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका ने 2024 में जीता था लेकिन वहां फाइनल में भारत से हारकर टीम उपविजेता बनकर ही रहे गई थी। इसके अलावा एक सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका ने 1998 चैंपियंस ट्रॉफी में जीता था।

न्यूजीलैंड ने बुरी तरह पीटा

इस मैच की बात करें तो पहले खेलते हुए साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई थी। 20 ओवर में प्रोटियाज ने 8 विकेट खोकर सिर्फ 169 रन बनाए थे। मार्को यान्सेन ने नाबाद 30 गेंद पर सर्वाधिक 55 रन की पारी खेली थी। उनके अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज 40 रन तक नहीं पहुंच पाया। जवाब में फिन एलन और टिम सीफर्ट ने ओपनिंग से ही मैच कीवी टीम की तरफ मोड़ दिया था।

एलन और सीफर्ट की जोड़ी ने 9.1 ओवर में ही 117 रन पहले विकेट के लिए जोड़ दिए। इसके बाद सीफर्ट 58 रन पर रबाडा का शिकार बने, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में 1 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। फिन एलन 33 गेंद पर 100 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं गेंदबाजी में दो विकेट लेने वाले रचिन रविंद्र ने नाबाद 13 रन की पारी खेली।

अब 8 मार्च को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना, गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच की विजेता टीम से होगा। न्यूजीलैंड की टीम के पास अब रेस्ट करने के लिए पूरे-पूरे 3 दिन होंगे और इस शानदार जीत के बाद खिलाड़ी काफी रिलैक्स होंगे।

Match Ended

ICC Men's T20 World Cup, 2026

South Africa 
169/8 (20.0)

vs

New Zealand  
173/1 (12.5)

Match Ended ( Day – 1st Semi-Final )
New Zealand beat South Africa by 9 wickets

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंद पर ठोका पचासा, 305 के स्ट्राइक रेट से बनाए रन; टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया
यह भी पढ़ें- कीवी गेंदबाजों के सामने साउथ अफ्रीका पस्त, न्यूजीलैंड को मिला 170 का लक्ष्य; यान्सेन ने ठोका नाबाद पचासा