साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए सोमवार (2 नवंबर) को ऐलान कर दिया। टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज टोनी डी जोरजी की टीम में वापसी हुई है। डी जोरजी सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर चुके हैं। वह डेविड बेडिंगहैम की जगह लेंगे, जिन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है।

दक्षिण अफ्रीका ने जुबैर हमजा के रूप में एक अतिरिक्त बल्लेबाज को टीम में शामिल किया है, जबकि विकेटकीपर काइल वेरिन को बाहर रखा गया है। वह ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान भी बेंच पर ही थे। मैथ्यू ब्रेट्जके रिजर्व विकेटकीपर हैं, जबकि प्लेइंग इलेवन में विकेटकीपिंग के लिए पहली पसंद रयान रिकेल्टन हैं।

एनरिक नॉर्खिया की वापसी

चूंकि दोनों मैच हाईवेल्ड में खेले जाने हैं, इसलिए सबकी नजरें दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजी आक्रमण पर होंगी। एनरिक नॉर्खिया की टीम में वापसी हुई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में सेंट जॉर्ज पार्क में उन्हें ग्रोइन (जांघ के ऊपरी हिस्से) में चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्हें अपने चौथे ओवर के बीच में ही मैदान छोड़ना पड़ा था। इसके बाद नॉर्खिया ने दो सप्ताह का रिकवरी प्रोग्राम पूरा किया है।

कगिसो रबाडा-मार्को यानसेन भी टीम में

दक्षिण अफ्रीका की टीम में कगिसो रबाडा, मार्को यानसेन, वियान मुल्डर, कॉर्बिन बॉश और डेन पैटरसन अन्य छह तेज गेंदबाजी विकल्प मौजूद हैं। वहीं, लुंगी एनगिडी को टीम में शामिल नहीं किया गया, क्योंकि वह अभी भी हैमस्ट्रिंग की समस्या से उबर रहे हैं।

सेनुरन मुथुसामी बाहर

दक्षिण अफ्रीका ने केशव महाराज और साइमन हार्मर के रूप में दो विशेषज्ञ स्पिनरों को शामिल किया है, लेकिन बाएं हाथ के स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर सेनुरन मुथुसामी के लिए कोई जगह नहीं बनी। सीरीज के लिए तेज गेंदबाजों के अनुकूल मैदानों को देखते हुए इस बात की पूरी संभावना है कि दक्षिण अफ्रीका अपनी प्लेइंग इलेवन में केवल एक स्पिनर को उतारेगा।

हार्मर और महाराज में एक को मिलेगा मौका

हार्मर और महाराज में से किसी एक को चुनना टीम प्रबंधन के लिए एक और मुश्किल फैसला हो सकता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले दो टेस्ट मैचों में महाराज की जगह हार्मर को प्राथमिकता दी गई थी। टेम्बा बावुमा ने महाराज को बाहर करने के फैसले को अपनी कप्तानी के सबसे कठिन फैसलों में से एक बताया, क्योंकि वह एक दशक से दक्षिण अफ्रीका के मुख्य स्पिनर रहे हैं।

बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों के लिए दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम

टेम्बा बावुमा (कप्तान), मार्केस एकरमैन, मैथ्यू ब्रीट्जके, कॉर्बिन बॉश, टोनी डी जोरजी, साइमन हार्मर, ज़ुबैर हमजा, मार्को यानसेन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, वियान मुल्डर, एनरिक नॉर्खिया, डेन पैटरसन, कैगिसो रबाडा, रयान रिकेलटन।

इंग्लैंड से वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान

इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जैक एडवर्ड्स, स्पेंसर जॉनसन और लियाम स्कॉट को भी चुना गया है। माहली बियर्डमैन को भी मौका मिला है, जिन्होंने भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। पूरी खबर पढ़ें।