ऑस्ट्रेलियाई टीम 8 साल बाद साउथ अफ्रीका दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने गई है। ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले आखिरी बार 2018 में साउथ अफ्रीका का दौरा किया था। वह दौरा डरबन में पहले टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया के 5 विकेट पर 225 रन के साथ शुरू हुआ। इसके बाद टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के रोमांचक हफ्ते देखने को मिले। पूरी सीरीज में काफी विवाद हुआ, लेकिन न्यूलैंड्स में हुई बॉल-टैम्परिंग की घटना ने क्रिकेट जगत को हिलाकर रख दिया।
ऑस्ट्रेलिया के तत्कालिन कप्तान स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर एक साल का और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का बैन लगा दिया गया। सजा बॉल टैम्परिंग के लिए नहीं, बल्कि उसे छिपाने और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठा को हुए नुकसान के लिए दी गई थी। हेड कोच डैरेन लेहमैन को जल्दबाजी में की गई जांच में इस प्लान की जानकारी होने के आरोप से बरी कर दिया गया था। उन्होंने वांडरर्स में होने वाले आखिरी टेस्ट से पहले अपने पद से हटने की घोषणा की।
न्यूलैंड्स टेस्ट
केपटाउन के न्यूलैंड्स में पहले दिन डीन एल्गर ने शानदार शतक लगाया और पैट कमिंस ने रिवर्स स्विंग का बेहतरीन स्पेल के आगे दक्षिण अफ्रीकी टीम लड़खड़ा गई। साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 311 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 255 रन पर आउट हो गई। साउथ अफ्रीका 56 रन की बढ़त के साथ दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरा।
बैनक्रॉफ्ट से बात करने लगे मैदानी अंपायर
43वें ओवर के बाद स्कोर 2 विकेट पर 129 रन था। अंपायर नाइजेल लोंग और रिचर्ड इलिंगवर्थ, कैमरन बैनक्रॉफ्ट से बात करने लगे। अंपायर जानना चाहते थे कि ऑस्ट्रेलियाई ओपनर की जेब में क्या है। उन्होंने कोई कपड़ा और चश्मे का कवर दिखाया। पांच ओवर बाद टी ब्रेक (चायकाल) हुआ। इस बीच स्क्रीन पर फुटेज दिखाए जाने के बाद 12वें खिलाड़ी पीटर हैंड्सकॉम्ब के जरिये मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों तक एक मैसेज पहुंचाया गया।
बैनक्रॉफ्ट के पास था सैंडपेपर
इसके कुछ ही देर बाद कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने अपनी पैंट के अंदर कुछ छिपाने की कोशिश की। बाद में पता चला कि वह सैंडपेपर था। दिन का बाकी समय सवालों और अटकलों के बढ़ते शोर-शराबे के बीच बीता। मैदान पर मौजूद अंपायरों को गेंद बदलने की जरूरत महसूस नहीं हुई और न ही पांच रन की कोई पेनल्टी लगाई गई।
बैनक्रॉफ्ट पर गेंद से छेड़छाड़ का आरोप
काफी देर के बाद कैमरन बैनक्रॉफ्ट और स्टीव स्मिथ मीडिया के सामने आए। तब तक आईसीसी ने बैनक्रॉफ्ट पर गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश करने का आरोप लगा दिया था। उस समय खिलाड़ियों ने यह तो माना कि उन्होंने बॉल-टैम्परिंग की थी, लेकिन यह नहीं माना कि उन्होंने सैंडपेपर का इस्तेमाल किया था। स्मिथ ने कहा, ‘हमने इस सीरीज में गेंद को रिवर्स होते देखा है और यह गेंद ऐसी नहीं लग रही थी कि रिवर्स होगी। यह बहुत ही घटिया हरकत है।’
कप्तान बने रहना चाहते थे स्मिथ
स्टीव स्मिथ ने कहा कि वह कप्तान बने रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे अब भी लगता है कि मैं इस काम के लिए सही व्यक्ति हूं।’ उन्होंने ‘लीडरशिप ग्रुप’ के इस प्लान के बारे में जानने का जिक्र किया। यह बात आने वाले दिनों, महीनों और सालों में बहुत अहम साबित हुई, क्योंकि इस ग्रुप में मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड भी शामिल थे। बाद की जांच में पता चला कि गेंदबाजों को इसके बारे में कुछ भी पता नहीं था। हालांकि, इससे बहुत से लोग संतुष्ट नहीं हुए।
गेंदबाजों ने जारी किया संयुक्त बयान
तीन साल बाद 2021 में उन्होंने एक संयुक्त बयान जारी करके फिर से इस प्लान के बारे में किसी भी जानकारी से मना किया। यह बयान तब आया जब कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने ‘द गार्डियन’ को एक इंटरव्यू दिया। इसमें उन्होंने कहा कि यह बात समझी जा सकती है कि गेंदबाजों को पता रहा होगा कि क्या हो रहा था। 2018 में जब ऑस्ट्रेलिया में बॉल-टैम्परिंग की खबर सामने आई तब वहां रात का समय था। अगले दिन इस मामले ने तूल पकड़ा और सरकार के शीर्ष स्तर तक पहुंच गया।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम धोखाधड़ी में शामिल
प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने कहा,’आज सुबह जब हम उठे तो दक्षिण अफ्रीका से आई खबर सुनकर हमें गहरा सदमा लगा और हम बहुत निराश हुए। यह बात बिल्कुल भी यकीन करने लायक नहीं थी कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम धोखाधड़ी में शामिल रही है।’ न्यूलैंड्स में खेल दोबारा शुरू होने तक स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर को कप्तान और उप-कप्तान के पद से हटा दिया गया था। टिम पेन को कमान सौंपी गई। ऑस्ट्रेलिया को 322 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा। दूसरी पारी में कैमरन बैनक्रॉफ्ट और डेविड वॉर्नर के बीच 57 रनों की साझेदारी के बावजूद पूरी टीम 107 रन पर सिमट गई।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही इंटीग्रिटी हेड इयान रॉय और परफॉर्मेंस हेड पैट हॉवर्ड की अगुआई में एक जांच शुरू कर दी थी। इस जांच में तेजी से नतीजे सामने आए और इसमें सिर्फ उस दिन न्यूलैंड्स में हुई घटनाओं पर ही ध्यान दिया गया। सीईओ जेम्स सदरलैंड भी साउथ अफ्रीका के लिए रवाना हो गए। कॉरपोरेट पार्टनर तेजी से करार से पीछे हटने लगे।
स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर बैन
तीन दिन बाद स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर बैन लगाए गए। ये तीनों जोहान्सबर्ग से साउथ अफ्रीका से रवाना हो गए (जहां आखिरी टेस्ट के लिए टूर शिफ्ट हो गया था) और ऑस्ट्रेलिया लौटने पर तीनों ने भावुक प्रेस कॉन्फ्रेंस कीं। शुरू में ऐसी चर्चा थी कि स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर अपने बैन को चुनौती देंगे, लेकिन एक हफ्ते के अंदर ही उन्होंने इस बैन को स्वीकार कर लिया।
स्मिथ और वॉर्नर की वापसी
स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर ने 2019 के वनडे वर्ल्ड कप में इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की। कैमरन बैनक्रॉफ्ट भी उसके बाद शुरू हुई एशेज सीरीज के लिए टीम में लौट आए, जिसमें स्टीव स्मिथ ने 774 रन बनाए। डेविड वॉर्नर पर लगी पाबंदियों में कप्तानी से लाइफटाइम बैन भी शामिल था, जिसे 2024 में हटा लिया गया। उन्हें सिडनी थंडर की कप्तानी करने का मौका मिला। हमेशा से यह बात कही जाती रही है कि डेविड वॉर्नर के पास 2018 की घटनाओं के बारे में और भी कुछ कहने को था, लेकिन आज तक उन्होंने ऐसा नहीं किया है।
‘हमारी इज्जत का सवाल है’, जब ‘टाइगर’ पटौदी ने गैरी सोबर्स को दंगे के बाद खेलने के लिए मनाया
वेस्टइंडीज की टीम 1966-67 में भारत दौरे पर आई थी तब बंगाल में तनाव का माहौल था। एक टेस्ट मैच के बीच ईडन गार्डन में दंगे जैसे स्थिति हो गई। इसके बाद वेस्टइंडीज ने खेलने से मना कर दिया। फिर बीसीसीआई के आग्रह पर मंसूर अली खान पटौदी ने गैरी सोबर्स के खेलने के लिए मनाया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
