ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। कंगारू टीम ने सोमवार को किंग्समीड में पहले टेस्ट के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 314 रन बनाकर घोषित की। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 421 रन का लक्ष्य मिला।
चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 102 रन बना लिए थे और उसे अंतिम दिन जीत के लिए 319 रन की जरूरत है जबकि उसके सिर्फ छह विकेट शेष हैं। मैट रेनशॉ ने दूसरी पारी में भी 82 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहली पारी में करियर के सर्वश्रेष्ठ 190 रन बनाए थे। इस तरह पूरे मैच में रेनशॉ के बल्ले से कुल 272 रन निकले।
दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका की खराब शुरुआत
दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। टीम ने कप्तान टेम्बा बावुमा और ट्रिस्टन स्टब्स के विकेट भी जल्दी गंवा दिए। दोनों बल्लेबाज एक-एक रन बनाकर आउट हुए। दिन का खेल समाप्त होने पर एडेन मार्कराम 115 गेंद पर 45 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि वियान मुल्डर पांच रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं। मैट रेनशॉ के लिए यह टेस्ट यादगार रहा।
उन्होंने पहली पारी में 190 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में 82 रन बनाए और टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला विकेट भी हासिल किया। उन्होंने बावुमा को शॉर्ट लेग पर निक मैडिनसन के हाथों कैच कराया। दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले रियान रिकेल्टन का विकेट दो रन पर गंवा दिया था। वह जोश हेजलवुड की गेंद पर कैच आउट हुए। हेजलवुड ने उन्हें इस मैच में दूसरी बार आउट किया।
डेविड बेडिंघम भी हेजलवुड की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। वह लगातार दूसरी पारी में अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने पहली पारी में 49 रन बनाए थे जबकि दूसरी पारी में 46 रन बनाए। पैट कमिंस ने स्टब्स को विकेट के पीछे कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया जिससे टीम का स्कोर चार विकेट पर 86 रन हो गया। मार्कराम को 15 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला जब उनका शॉट विकेटकीपर एलेक्स कैरी की कोहनी से टकराकर स्लिप के ऊपर से निकल गया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए चौथे दिन लाबुशेन ने भी की बेहतरीन बल्लेबाजी
ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन अपनी दूसरी पारी बिना किसी नुकसान के 33 रन से आगे बढ़ाई और लंच तक चार विकेट पर 174 रन बना लिए थे। निक मैडिनसन ने 38 गेंद पर 48 रन बनाए जिसमें दो छक्के शामिल थे। उन्होंने पहली पारी में शून्य पर आउट होने के बाद शानदार वापसी की। दूसरे सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड 11 रन बनाकर आउट हुए। स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने सुबह के सत्र में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 77 गेंद में 53 रन जोड़े। स्मिथ ने 27 और लाबुशेन ने 37 रन बनाए। एनरिच नोर्किया की उछाल लेती गेंद स्मिथ के हेलमेट पर लगी।
स्मिथ पहले भी कन्कशन और चक्कर आने की समस्या से जूझ चुके हैं। हेलमेट पर गेंद लगने के बाद स्मिथ ने बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन साइमन हार्मर की गेंद पर कैच आउट हो गए। लाबुशेन और रेनशॉ ने लंच से पहले 31 गेंद पर 32 रन जोड़े। लाबुशेन ड्राइव खेलने के प्रयास में गेंद को सही तरह से नहीं मार सके और 58 गेंद पर 37 रन बनाकर आउट हुए। पहली पारी में भी उन्होंने 37 रन ही बनाए थे। पुरुष टेस्ट क्रिकेट में रन और खेली गई गेंदों की समान संख्या का यह 12वां ज्ञात उदाहरण है।
लंच तक ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 280 रन हो गई थी। दूसरे सत्र में रेनशॉ ने 75 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद नोर्किया ने एलेक्स कैरी को 24 रन पर बोल्ड कर दिया। रेनशॉ और कैरी ने 84 गेंद पर 48 रन की साझेदारी की और ऑस्ट्रेलिया को 200 रन के पार पहुंचाया। रेनशॉ और ब्यू वेबस्टर ने 71 गेंद पर 65 रन जोड़े। केशव महाराज ने रेनशॉ का अपनी ही गेंद पर कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया। रेनशॉ ने 99 गेंद का सामना किया और दो छक्के लगाए। उन्होंने इस टेस्ट में कुल 272 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस की नजरें पारी घोषित करने पर थीं क्योंकि टीम की बढ़त 400 रन के पार पहुंच चुकी थी। कमिंस और वेबस्टर ने सिर्फ 19 गेंद पर 44 रन जोड़कर स्कोर तेजी से आगे बढ़ाया। वेबस्टर 43 गेंद पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि कमिंस ने केवल 12 गेंद पर चार छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट पर 314 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और दक्षिण अफ्रीका के सामने 421 रन का लक्ष्य रखा।
अन्वय द्रविड़ ने 207 के स्ट्राइक रेट से ठोके 85 रन, आर्यवीर सहवाग का नहीं दिखा कमाल; 418 रन बनाकर कर्नाटक ने दिल्ली को हराया
वीनू मांकड ट्रॉफी के 43वें मुकाबले में अन्वय द्रविड़ ने 85 रन की तूफानी पारी खेली। द्रविड़ की कप्तानी वाली कर्नाटक ने आर्यवीर सहवाग की कप्तानी वाली दिल्ली की टीम को 198 रन से हराया और अपनी दूसरी जीत दर्ज की। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
