टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 13वां मैच साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया। क्या खूब यह मैच खेला गया जिसके लिए डेल स्टेन ने यह तक बोला कि सभी खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच दिया जाना चाहिए। वैसे तो एक टी20 इंटरनेशनल मैच 240 गेंद का होता है लेकिन इस मैच में कुल 262 लीगल गेंदें फेंकी गईं। क्योंकि यह मुकाबला डबल सुपर ओवर तक पहुंचा।

अफगानिस्तान की टीम ने आखिरी गेंद तक लड़ाई की। किस्मत शायद आज अफगान टीम से रूठी हुई थी इसी कारण बार-बार जीत तक पहुंचने के बाद टीम जीत नहीं पाई। आखिरकार 262 गेंदों के रोमांच के बाद साउथ अफ्रीका ने 4 रन से दूसरा सुपर ओवर जीता और मैच अपने नाम कर लिया।

कगिसो रबाडा के आखिरी ओवर से शुरू हुआ रोमांच

मैच के आखिरी ओवर में अफगानिस्तान को जीत के लिए 13 रन की जरूरत थी और सिर्फ एक विकेट बाकी था। नूर अहम क्रीज पर थे और गेंदबाजी करने आए थे कगिसो रबाडा। मैच का वक्त ही ऐसा था कि कितना भी वर्ल्ड क्लास प्लेयर क्यों ना हो प्रेशर में आ ही जाता, ऐसा कुछ रबाडा के साथ हुआ। उन्होंने पहली गेंद फेंकी और नूर अहमद को मार्करम के हाथों कैच आउट करवा दिया। मगर मैच यहां खत्म नहीं हुआ।

जैसे ही अफ्रीकी खिलाड़ी जश्न मनाना शुरू करते हैं तुरंत सायरन बजता है और गेंद हो जाती है नो बॉल। फिर अफगानिस्तान की उम्मीदें जगीं। अगली गेंद रबाडा ने वाइड फेंकी और अब 6 गेंद पर चाहिए थे अफगान टीम को 11 रन। ओवर की दूसरी गेंद पर नूर ने छक्का लगाया और चौथी गेंद पर दो रन लिए। चौथी गेंद भी रबाडा ने नो बॉल डाल दी। अब तीन गेंद पर अफगान टीम को चाहिए थे 2 रन।

20वें ओवर की चौथी गेंद को नूर अहमद ने खेला और दो रन लेने की कोशिश की। नूर तो अपनी क्रीज तक पहुंच गए लेकिन दूसरे छोर पर मौजूद फजलहक फारूकी बल्ला ड्रैग करना ही भूल गए। उनका बल्ला हवा में था और वह रनआउट हो गए। इस तरह मुकाबला टाई हुआ और सुपर ओवर तक पहुंचा।

सुपर ओवर भी हुआ टाई

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह सिर्फ दूसरा ऐसा मौका था और टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का पहला जब सुपर ओवर भी टाई हो गया। सुपर ओवर में पहले खेलते हुए अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए। अजमतुल्लाह ओमरजई ने 5 गेंद पर 16 रन बनाए। सुपर ओवर में अफ्रीका जब 18 रन चेज करने उतरी तो ब्रेविस ने छक्का लगाया उसके बाद अगली गेंद पर आउट हो गए।

आखिरी गेंद पर साउथ अफ्रीका को 7 रन जीत के लिए चाहिए थे। फजलहक फारूकी गेंदबाजी कर रहे थे और ट्रिस्टन स्टब्स ने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का लगाया और सुपर ओवर भी टाई हो गया। इसके बाद मैच दूसरे सुपर ओवर में पहुंचा।

आखिरी गेंद तक लड़े अफगान

दूसरे सुपर ओवर में पहले खेलने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम। ओपनिंग पर आए ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर। स्टब्स ने छक्के से खाता खोला और उसके बाद सिंगल लिया। आखिरी 4 गेंद पर 16 रन बनाकर मिलर ने अफ्रीका का स्कोर 23 तक पहुंचाया। 24 रन चेज करने उतरी अफगान टीम के लिए आए मोहम्मद नबी।

साउथ अफ्रीका ने दांव खेला और केशव महाराज गेंदबाजी करने आए। नबी ने पहली डॉट बॉल खेली और दूसरी गेंद पर आउट हो गए। आखिरी चार गेंद और अफगानिस्तान को चाहिए थे 24 रन। फिर आए इस मैच के स्टार रहमनुल्लाह गुरबाज जिन्होंने लगातार तीन छक्के लगाकर फिर से मैच में रोमांच पैदा किया। आखिरी गेंद से पहले महाराज ने वाइड फेंक दी।

आखिरी गेंद पर अफगानिस्तान की टीम को 5 रन चाहिए थे। मैच एक बार फिर तीसरे सुपर की ओर जाता दिख रहा था। अफगानिस्तान को जीत के लिए छक्का चाहिए था। गुरबाज ने इस गेंद पर शॉट खेला लेकिन बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े मिलर को गेंद पार नहीं कर सकी। इस तरह 262 गेंदों के बाद इस रोमांचक मुकाबले का अंत हुआ और दूसरा सुपर साउथ अफ्रीका ने 4 रन से जीता।

Match Ended

ICC Men's T20 World Cup, 2026

South Africa 
187/6(20.0)& 23/0(1.0)

vs

Afghanistan  
187(19.4)& 19/2(1.0)

Match Ended ( Day – Match 13 )
Afghanistan tied with South Africa (South Africa won the 2nd Super Over by 4 runs)

नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं

संजू-इशान ओपनर, अभिषेक आउट; नामीबिया के खिलाफ भारतीय प्लेइंग 11 में हो सकते हैं 3 बदलाव
अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड 20 दिन में ही हुआ ध्वस्त, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ने रच दिया इतिहास
रोहित-बटलर ओपनर, विराट कोहली बाहर; अजिंक्य रहाणे ने चुनी टी20 के लिए खास ऑलटाइम प्लेइंग 11