करीब एक साल बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस. श्रीसंत को बड़ी राहत मिली है। केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने अपनी विशेष आम सभा में उनकी बिना शर्त माफी स्वीकार कर ली और उन पर लगाया गया तीन साल का प्रतिबंध हटा लिया है। पिछले साल KCA के खिलाफ कथित मानहानिकारक बयान देने के आरोप में श्रीसंत पर यह प्रतिबंध लगाया गया था।

केरल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उसने अपनी विशेष आम बैठक में प्रतिबंध हटाने का फैसला किया। बयान में कहा गया है कि यह फैसला क्रिकेटर के बिना शर्त माफी मांगने और केसीए के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताने के बाद किया गया। बयान के अनुसार श्रीसंत पर यह प्रतिबंध पिछले केरल क्रिकेट लीग (केसीएल) के मुकाबलों से पहले लगाया गया था।

श्रीसंत को पहले विज़ुअल और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के कारण तीन साल के लिए सस्पेंड किया गया था। केसीए का कहना था कि इन टिप्पणियों से एसोसिएशन की बदनामी हुई थी। श्रीसंत ने तिरुवनंतपुरम मुंसिफ कोर्ट में इस अनुशासनात्मक कार्रवाई को चुनौती दी थी। हालांकि, KCA के अनुसार, उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी।

इसके बाद श्रीसंत ने केरल क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ अपनी टिप्पणियों पर अफसोस जताते हुए बिना शर्त आधिकारिक माफीनामा सौंपा। एक जुलाई 2026 को KCA की विशेष आम सभा में उनकी माफी पर विस्तार से चर्चा हुई। उनके बिना शर्त अफसोस जताने को ध्यान में रखते हुए बैठक में सर्वसम्मति से प्रतिबंध हटाने का फैसला किया गया। हालांकि, एसोसिएशन ने श्रीसंत को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा कोई भी व्यवहार करने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिबंध हटने के बाद श्रीसंत केरल क्रिकेट लीग (KCL) सीजन 3 में एरीज कोल्लम सेलर्स फ्रैंचाइजी के सह-मालिक के तौर पर बने रह सकेंगे। केसीए ने पिछले KCL सीजन से पहले यह प्रतिबंध लगाया था। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंत ने देश के लिए तीनों इंटरनेशनल फॉर्मेट में खेला है। श्रीसंत ने भारत के लिए 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 T20I मैच खेले।

शांताकुमारन श्रीसंत ने टेस्ट में 37.59 की औसत से 87 विकेट लिए। एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40 और एक मैच में 8/99 रहा। इसमें चार बार 4-4 विकेट और तीन बार 5-5 विकेट लिए। वनडे क्रिकेट में श्रीसंत ने 33.44 की औसत से 75 विकेट लिए। उनका करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/55 रहा। श्रीसंत ने T20I में 10 मैच में सात विकेट लिए। श्रीसंत ने घरेलू क्रिकेट में 74 फ़र्स्ट-क्लास मैच खेले और 213 विकेट लिए (सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40)। इसके अलावा उन्होंने 92 लिस्ट A मैचों में 124 विकेट और 65 T20 मैचों में 54 विकेट लिए।

अभिषेक को पीछे छोड़ इशान बने नंबर 1 बैटर; आईसीसी की T20I बैटिंग रैंकिंग में टॉप-10 में 4 भारतीय

आईसीसी की ताजा पुरुष टी20आई बैटिंग रैंकिंग में इशान किशन ने अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया और दुनिया के नंबर 1 बैटर बन गए। ताजा रैंकिंग में टॉप-10 बल्लेबाजों में 4 भारतीय मौजूद हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)