रोहित शर्मा ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को बताया है कि वह दिसंबर में विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए उपलब्ध रहेंगे। द इंडियन एक्सप्रेस को मिली जानकारी के अनुसार वह 13 से 19 दिसंबर तक श्रीलंका के खिलाफ भारत की घरेलू सरजमीं पर तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद टीम से जुड़ेंगे। ये मैच दिल्ली, बेंगलुरु और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। पहला मैच टूर्नामेंट शुरू होने से एक दिन पहले है।
एमसीए सूत्र ने कहा, ‘उन्होंने हमें बताया है कि वह विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलेंगे और श्रीलंका के खिलाफ भारत की घरेलू तीन वनडे मैचों की सीरीज के बाद उन्हें उपलब्ध माना जा सकता है। वह कितने मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे इसकी जानकारी वह हमें बाद में देंगे।’
रोहित शर्मा के पास 10 दिन
टूर्नामेंट का लीग चरण 14 से 29 दिसंबर तक चलेगा, जबकि नॉकआउट मुकाबले 2 से 8 जनवरी तक होंगे। वनडे मैचों के बाद 22 दिसंबर से तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे, जिनमें रोहित शर्मा नहीं खेलेंगे। इस तरह उनके पास लीग चरण के आखिरी दस दिन बचते हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की तीन मैचों की वनडे सीरीज 3 जनवरी से शुरू होगी।
रोहित शर्मा ने मुंबई के लिए जयपुर में विजय हजारे ट्रॉफी के दो मैच खेले थे
लीग मैच अहमदाबाद, बेंगलुरु, रांची और राजकोट में होंगे, जबकि नॉकआउट मुकाबले विशाखापत्तनम में खेले जाएंगे। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला 9 जनवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। पिछले सीजन में भी रोहित शर्मा ने मुंबई के लिए जयपुर में विजय हजारे ट्रॉफी के दो मैच खेले थे। 2018 के बाद टूर्नामेंट में यह उनकी वापसी थी।
रोहित शर्मा ने सिक्किम के खिलाफ 94 गेंदों पर 155 रन बनाए
पहले मैच में रोहित शर्मा ने सिक्किम के खिलाफ 94 गेंदों पर 155 रन बनाए, जबकि दो दिन बाद उत्तराखंड के खिलाफ वे पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इससे पहले वे इस टूर्नामेंट में मुंबई के लिए 18 मैच खेल चुके थे। अब वे भारत के लिए केवल एक फॉर्मेट में खेलते हैं। उन्होंने 2024 में टी20 इंटरनेशनल और 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
आईपीएल में रोहित शर्मा को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
रोहित शर्मा को जल्द ही अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी में भी एक बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस उन्हें आईपीएल 2027 के लिए फिर से कप्तानी सौंप सकती है। पिछले आईपीएल में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम ने 14 में से 10 मैच गंवाए और नौवें स्थान पर रही। अब टीम को छह साल से खिताब का इंतजार है।
तिलक वर्मा का नाम सुझाया था
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने पांच खिताब जीते थे। एक ऐसा रिकॉर्ड जिसकी बराबरी केवल महेंद्र सिंह धोनी ने की है। एक सूत्र ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले तिलक वर्मा का नाम सुझाया था, लेकिन जब फ्रेंचाइजी ने उनसे खुद कप्तानी संभालने के लिए कहा, तो वे मान गए।
न्यूजीलैंड में खेलते दिखेंगे रोहित शर्मा
रोहित शर्मा अगले हफ्ते शुरू हो रही न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने एमसीए-बीकेसी ग्राउंड पर ट्रेनिंग की थी। जिम्बाब्वे सीरीज और आईपीएल के बीच भारत का कोई वनडे मैच नहीं है। अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए, घरेलू मैच उन्हें खेलने की प्रैक्टिस करने का मौका देंगे।
2026 में वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-7 बल्लेबाज
हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान में खेले गए वनडे ट्राई सीरीज में 4 मैचों में 12 छक्के लगाए और वो साल 2026 में वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। हैरी ब्रुक ने इस साल अब तक खेले 13 वनडे मैचों में कुल 24 छक्के लगाए हैं और वो तंजीद हसन से आगे निकल गए जिन्होंने 14 मैचों में 23 छक्के लगाए हैं। पूरी खबर पढ़ें।
