रोहित शर्मा को वनडे वर्ल्ड कप 2027 के प्लान में नहीं शामिल करने वाली रिपोर्ट पर भारतीय दिग्गज रविचंद्रन अश्विन का गुस्सा फूटा है। उन्होंने साफतौर पर कहा है कि रोहित और विराट जैसे खिलाड़ियों को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि अगर आप रोहित को वर्ल्ड कप के प्लान नें नहीं देख रहे थे तो फैसला पहले लेना चाहिए था। अब 12-15 महीने जब वर्ल्ड कप में बचे हैं तो यह फैसला सही नहीं है। साथ ही अश्विन ने विराट कोहली को भी चेतावनी दी है।

रोहित शर्मा के आखिरी इंटरनेशनल मैच की अटकलें लगने लगी हैं। इंडियन एक्सप्रेस की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के बाद खेल जगत में हलचल मच गई है। ज्यादातर लोग इस फैसले की रिपोर्ट से हैरान हैं। सभी ने रोहित शर्मा के समर्थन में कहा है कि वह फिट हैं और उनका फॉर्म भी खराब नहीं है। आंकड़े भी रोहित के पक्ष में ही हैं। वर्ल्ड कप 2023 के बाद से वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी भी हैं। इन्हीं सब बातों को देखते हुए यह खबर किसी को पच नहीं रही है।

रविचंद्रन अश्विन ने क्या कहा?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी इस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सबसे पहले कहा,”यशस्वी जायसवाल को आपको मौका देना है, ठीक है, मगर बतौर कोच, सेलेक्टर और कप्तान यह फैसला किसका होगा? अगर आपने पहले ही अपने दिमाग में बिठा लिया है कि यह खिलाड़ी आप 2027 वर्ल्ड कप में नहीं ले जाएंगे और आपको उनकी जरूरत नहीं है, तो इसको चैंपियंस ट्रॉफी के बाद ही उन्हें बताना चाहिए था। मुझे पता है कि यह दो धारी तलवार की तरह है।”

अश्विन ने आगे कहा,”वहीं अगर आप खिलाड़ियों से जाकर यह कहेंगे कि आप अब उनसे आगे बढ़कर देखना चाहते हैं तो यह किसी भी खिलाड़ी को अच्छा नहीं लगेगा। अगर मेरे साथ भी ऑस्ट्रेलिया में कोच या चयनकर्ताओं ने ऐसा किया होता तो मुझे भी बुरा लगता। क्या एक खराब सीरीज यह फैसला लेने के लिए पर्याप्त है। हर खिलाड़ी को एक खराब सीरीज के बाद मौका मिलने का हक होता है। क्या पता रोहित के मामले में पहले ही ऐसा हो चुका होगा। या फिर विराट के मामले में भी ऐसा हुआ होगा।”

विराट कोहली को क्यों अश्विन ने चेताया?

पूर्व स्पिनर ने आगे विराट कोहली पर भी बात की और कहा,”रोहित और विराट जैसे खिलाड़ियों को सम्मान मिलना चाहिए। विराट कोहली बेहतरीन फॉर्म में हैं। रोहित भी ठीकठाक खेल रहे थे। फिर हमने ऐसा करने के लिए अगस्त 2026 तक आने का इंतजार क्यों किया, जब विश्व कप में सिर्फ 10-12-15 महीने बाकी हैं। आपने इस मामले को यहां तक क्यों खींचा, यह मेरा सवाल है? जिस तरह से यह चल रहा है विराट को भी अपने टॉप फॉर्म में रहना होगा। वरना पता नहीं क्या हो जाएगा। रोहित भी खराब फॉर्म में नहीं हैं।”

रविचंद्रन अश्विन ने आगे सीधे मैनेजमेंट पर हमला किया और बोले,”अगर दोनों में से कोई भी एक खिलाड़ी को आप नहीं आगे ले जाना चाहते हैं , तो इसके बाद दो चीजें ही हो सकती हैं। पहली यह कि खिलाड़ी अपना बेस्ट नहीं दे पाएगा। दूसरा, उस खिलाड़ी को वहां के अच्छा नहीं लगेगा और वो लो फील करने लगेगा। इसके बारे में एक बार सोचना चाहिए। अगर आप एक घर में रहते हैं और लोग कह देंगे कि वह आपके साथ नहीं रहना चाहते, तो क्या आप खुशी से वहां रह पाएंगे? हमें विश्व कप के लिए साउथ अफ्रीका जाना है और अगर मुझसे पूछा जाएगा कि मुझे विराट कोहली और रोहित शर्मा चाहिए हैं या नहीं, तो मैं बिल्कुल उनके अनुभव के साथ जाऊंगा।”

‘यह शर्मनाक है…”: BCCI पर भड़कीं अभिनेत्री अमीषा पटेल, कहा- रोहित और विराट के साथ नहीं हो रहा सही व्यवहार

रोहित शर्मा के वनडे करियर के खत्म होने की खबर के बाद खेल जगत में तो हलचल मची ही है, साथ ही बॉलीवुड में भी इसकी गूंज है। अमीषा पटेल ने बीसीसीआई समेत पूरे क्रिकेट मैनेजमेंट पर गुस्सा निकाला है और रोहित व विराट के साथ सही व्यवहार नहीं करने का आरोप भी लगाया है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर