रोहित शर्मा के भविष्य पर इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान काफी चर्चाएं हुई थीं। उन्होंने लॉर्ड्स में खेले गए सीरीज के तीसरे वनडे में 138 रन की पारी खेलते हुए सभी आलोचकों का मुंह बंद कर दिया था। अक्सर रोहित और विराट कोहली के आगामी 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने पर सवाल उठते आए हैं। अब दोनों दिग्गजों के लिए पाकिस्तान से भी समर्थन आ गया है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और एशियन ब्रैडमैन नाम से मशहूर जहीर अब्बास ने रोहित शर्मा और विराट कोहली का आगामी वर्ल्ड कप 2027 में खेलने के लिए समर्थन किया है। उन्होंने उम्र को खेलने या ना खेलने का कोई भी पैमाना मानने से इनकार कर दिया है। लगातार अटकलें लग रही हैं कि वनडे वर्ल्ड कप 2027 में रोहित 40 और विराट 39 साल के होंगे। मगर 79 वर्षीय पाकिस्तानी दिग्गज ने इसे खारिज कर दिया।
क्या बोले जहीर अब्बास?
पीटीआई ने जहीर अब्बास के बयान को पाकिस्तानी टेलीविजन चैनल के हवाले से लिखा है। इसके मुताबिक उन्होंने कहा,”दोनों (रोहित और विराट) बहुत अनुभवी खिलाड़ी और मुझे कोई कारण नजर नहीं आता कि वह दोनों विश्व कप क्यों ना खेलें? जब तक वह दोनों फिट हैं और रन बना रहे हैं तब तक उम्र कोई मायने नहीं रखती। मैंने इंग्लैंड के खिलाफ रोहित का शतक देखा था, आज भी उनको बल्लेबाजी करते देखना शानदार होता है। वह आज भी शानदार टाइमिंग के साथ खेलते हैं।’
इसी महीने (जुलाई 2026 में) इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में भारत को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। इस बीच, रोहित शर्मा के करियर को लेकर खबर आई थी कि लॉर्ड्स वनडे उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने सफाई पेश की। सैकिया ने कहा कि टीम की योजनाओं का हिस्सा बने रहने तक रोहित शर्मा भारत के लिए खेलते रहेंगे।
देवजीत सैकिया के बयान के बाद लॉर्ड्स वनडे में रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया। रोहित शर्मा लॉर्ड्स में वनडे इंटनेशनल मैच में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बने। उन्होंने 110 गेंद में 138 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि, उनकी इस पारी पर तब पानी फिर गया, क्योंकि इंग्लैंड ने 27 रन से यह मैच जीत लिया। 388 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 50 ओवर में सात विकेट पर 360 रन ही बना पाई।
नोट: इस खबर को साक्षी राज ने लिखा है जो जनसत्ता स्पोर्ट्स में इंटर्न हैं
‘ऋषभ पंत के चयन से मैं हैरान हूं’: श्रीलंका दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टीम पर एबी डिविलियर्स का बयान
भारतीय टीम का श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज के लिए ऐलान हो गया है। ऋषभ पंत भी इस टीम का हिस्सा हैं। साउथ अफ्रीका के दिग्गज एबी डिविलियर्स ने उनके चयन से हैरानी जताई है। साथ ही गौतम गंभीर पर बढ़ते दबाव का भी उन्होंने जिक्र किया है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
