रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने खत्म किया 53 साल का सूखा, हिटमैन ने विदेश में हासिल की पहली बार यह उपलब्धि
रोहित शर्मा ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने बतौर ओपनर पहली बार विदेश में अर्धशतक लगाया है। तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 52 रन बनाए। उन्होंने 98 गेंद की पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला सिडनी में खेला जा रहा है। मैच में टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने दोनों पारियों में अर्धशतकीय साझेदारी की। पहली पारी में दोनों ने 70 और दूसरी पारी में 71 रनों की साझेदारी की। भारतीय क्रिकेट इतिहास में दूसरी बार ओपनर्स ने ऑस्ट्रेलिया में दोनों पारियों में 50 रन की साझेदारी की। 53 साल पहले भारतीय ओपनर्स ने ऐसा कमाल किया था।
1967-68 में फार्रुख इंजीनियर और आबिद अली ने ऐसा किया था। उस समय भी सिडनी का मैदान ही था। उस मैच में पहली पारी में फार्रुख इंजीनियर और आबिद अली ने 56 और दूसरी पारी में 83 रन की साझेदारी की थी। रोहित और शुभमन ने इसके साथ ही एक और सूखा खत्म किया। 16 साल बाद भारतीय ओपनर्स ने होमग्राउंड और विदेश में 20 ओवर से ज्यादा खेले हैं। पहली पारी में दोनों ने 27 और दूसरी पारी में 22.1 ओवर खेले। इससे पहले वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने पाकिस्तान के खिलाफ 2004/05 में खेले गए बेंगलुरु टेस्ट की पहली पारी में 23.2 और दूसरी पारी में 23.4 ओवर खेले थे।
इसके अलावा रोहित शर्मा ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने बतौर ओपनर पहली बार विदेश में अर्धशतक लगाया है। उन्होंने अन्य क्रमों पर खेलते हुए न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में 2014 में 72 रन, 2015 में सिडनी में 53 रन, 2015 में कोलंबो के दो मैदानों पर 79 और 50 रन और 2018 में मेलबर्न में नाबाद 63 रन बनाए थे। रोहित शर्मा ने सिडनी में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 52 रन बनाए। उन्होंने 98 गेंद की पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया। रोहित को इस अर्धशतक के लिए भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने बधाई भी दी। उन्होंने इंस्टा स्टोरी में उनका वीडियो लगाया।
पैट कमिंस की शॉर्ट गेंद को छक्का मारने के प्रयास में रोहित बाउंड्री पर कैच आउट हुए। मिशेल स्टार्क ने डाइव लगाते हुए उनका शानदार कैच लिया। भारत के लिए उनके अलावा शुभमन गिल ने 31 रन बनाए। चेतेश्वर पुजारा 9 और कप्तान अजिंक्य रहाणे 4 रन बनाकर नाबाद हैं। टीम इंडिया ने दूसरी पारी में 2 विकेट पर 98 रन बना लिए हैं। भारत को मैच जीतने के लिए अभी भी 309 रन चाहिए।