जेट स्की करते हुए लग गई थी आग, भारतीय स्पिनर की जा सकती थी जान; रोहित शर्मा ने सुनाई थी दिल दहलाने वाली कहानी
रोहित शर्मा ने बताया था कि विदेश में एक टूर के दौरान छुट्टी वाले दिन वे साथियों के साथ बीच मस्ती-मजा करने गए थे। वहीं पर यह हादसा हुआ था। प्रज्ञान ओझा की लापरवाही के कारण एक्सीडेंट हो गया था। जेट स्की बोट से जाकर भिड़ गई थी। आग लग गई थी।

एडवेंचर्स एक्टिविटी का हिस्सा बनना बहुत से लोगों को अच्छा लगता है, लेकिन जरा सी लापरवाही जान तक ले सकती है। भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा के साथ भी ऐसा हो चुका है। रोहित शर्मा ने यह दिल दहला देने वाली कहानी विक्रम साठिया के शो ‘What The Duck’ में सुनाई थी। रोहित शर्मा ने बताया था कि विदेश में एक बार जेट स्की के दौरान प्रज्ञान ओझा का एक्सीडेंट हो गया था। आग लग गई थी। प्रज्ञान की लापरवाही के कारण हादसा हुआ था।
रोहित ने शो के दौरान बताया, ‘एक टूर पर हुआ हादसा मुझे अब भी याद है। हम 2006 में इंडिया ए के लिए खेलने केन्या गए थे। हमारे लिए छुट्टी का दिन था। हम बीच रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे। हम बीच पर मस्ती करने गए। वॉलीबॉल खेलने गए। वॉलीबॉल खेल लिया, सब कुछ कर लिया। मस्ती कर ली। उसके बाद हम जेट स्की करने गए। मेरा पार्टनर था राजेश पवार। हम दोनों ने जेट स्की की। वहां प्रज्ञान ओझा भी थे। ‘द ग्रेट प्रज्ञान ओझा,’ बहुत अच्छे दोस्त हैं हमारे, वह इतने एक्साइटेड थे, वहां से जम्प मार रहे थे और हमें बुला रहे थे कि रोहित जल्दी आ यार। मुझे करना है। मुझे करना है।’
रोहित ने कहा, ‘भाई इतने जेट स्की हैं। कोई दूसरा पकड़ ले। किसी पर भी कर सकते हो। इस पर प्रज्ञान ने कहा- नहीं, नहीं, मुझे तेरा ही चाहिए। मैं बोला ठीक है, अभी आ रहा हूं। हमने 2-3 चक्कर लगाए और वापस पहुंच गए। वहां पर जो इंस्ट्रक्टर था, वह प्रज्ञान ओझा और यो महेश को समझा रहा था। वह बता रहा था कि किस तरीके से करना है। प्रज्ञान का पहली बार था वह।’
रोहित ने बताया कि प्रज्ञान को ध्यान देना चाहिए था कि क्या करना है क्या नहीं। रोहित ने कहा, ‘जेट स्की में एक्सीलेटर होता है। उसको अगर आपने दबाया तो वह तुरंत टेकऑफ करता है। वह एकदम धीरे-धीरे दबाना पड़ता है। ऐसा नहीं है कि आप गए और कर दिया। इंस्ट्रक्टर प्रज्ञान को समझा रहा था कि क्या करना है, क्या नहीं। वहां पर काफी लोग भी थे। स्विमिंग कर रहे थे। लेकिन ये भाईसाहब इतने एक्साइटेड थे, कि उन्होंने कुछ सुना नहीं। वह बता रहा है और ये दोनों लोग बैठ गए उसमें।’
रोहित ने बताया, ‘प्रज्ञान ने एक्सीलेटर तुरंत दबा दिया। जेट स्की ने जो टेकऑफ किया है, वहां पर 2-3 लोग स्विमिंग कर रहे थे, वे बाल-बाल बच गए। अगर उन्होंने देखा नहीं होता तो कि जेट स्की उनकी तरफ आ रहा है तो पता नहीं क्या हो जाता। वे पानी के अंदर चले गए थे। प्रज्ञान उनके ऊपर से चला गया। हम लोग देख रहे थे। हम लोग इतना डर गए थे, लेकिन उसके ऊपर कोई फर्क नहीं पड़ा।’
रोहित ने आगे बताया, ‘प्रज्ञान पीछे मुड़कर मुझे जोश में हाथ दिखा रहा था। मैंने उससे बोला भाई आगे देख आगे। आगे एक बोट था। प्रज्ञान की जेट स्की बोट से जोर से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि आग लग गई।’ इस पर विक्रम ने आश्चर्य जताते हुए कहा, ‘क्या कह रहे हो आप?’ रोहित ने कहा, ‘काफी सीरियस एक्सीडेंट था वह। जेट स्की आगे से पूरा टूटा गया था। ये लोग किसी तरह किनारे पर पहुंचे। प्रज्ञान रोनी सूरत बनाए हुए थे। जेट स्की के मालिक ने प्रज्ञान को बोला कि आपको ये-ये पेनल्टी भरनी पड़ेगी, नहीं तो हम आपको जेल पहुंचवा देंगे।’
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।