रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में 138 रन की बेहतरीन पारी से सभी आलोचकों का मुंह बंद कर दिया है। उन्होंने अपने वनडे करियर के खत्म होने की चल रही अटकलों पर भी विराम लगा दिया है। जबकि पिछले एक साल में भारत की यह तीसरी बड़ी टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में हार भी है। इसके बाद टीम इंडिया के हेड कोच और चयन समिति पर सवाल उठने लगे हैं। इसी कड़ी में भारत के पूर्व ओपनर कृष्णमचारी श्रीकांत ने गौतम गंभीर को बुरी तरह लताड़ा है।

श्रीकांत ने यहां तक यह भी कहा कि रोहित शर्मा की जगह पर नहीं बल्कि गौतम गंभीर की जगह पर सवाल उठने चाहिए। भारत ने गंभीर के कार्यकाल में चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 वर्ल्ड कप 2026 जरूर जीता है लेकिन इस दौरान घर पर साउथ अफ्रीका से टेस्ट सीरीज हार, न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज हार, न्यूजीलैंड के खिलाफ घर पर टेस्ट सीरीज हार, आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज हार और अब इंग्लैंड में टी20 और वनडे सीरीज में बुरी तरह हार, देखने के मिली हैं।

श्रीकांत ने हेड कोच गंभीर पर किया हमला

कृष्णमचारी श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो में टीम इंडिया के मैनेजमेंट को बुरी तरह लताड़ लगाई है। उन्होंने कहा,”यह भारतीय टीम के सबसे खराब समय में से एक है। मैनेजमेंट और उसकी चयन प्रक्रियाओं में लगातार की जा रही गलतियां हैरान कर रही हैं। गौतम गंभीर को हर मैच में नए खिलाड़ी चाहिए हैं। आप कैसे इस मैनेजमेंट के कार्यकाल में टिक पाएंगे। आप जबरन रोहित शर्मा को बाहर करना चाहते हैं, आपको कौन बाहर करेगा?”

भारत के पूर्व विश्व चैंपियन खिलाड़ी ने यह भी कहा,”हम घर पर टेस्ट मैच हारे, टी20 में हमारी बेइज्जती हुई और ऑस्ट्रेलिया व इंग्लैंड में जाकर हम वनडे भी हारे। उनकी (गौतम गंभीर की) टीम के अंदर पोजिशन पर सवाल उठने चाहिए, रोहित शर्मा की नहीं। मैंने कभी इस तरह का टीम सेलेक्शन और मैनेजमेंट का हाल अपनी जिंदगी में नहीं देखा। एक दो अच्छे परफॉर्मेंस के अलावा इंग्लैंड में हम बुरी तरह फेल हुए।”

उन्होंने इसके अलावा केएल राहुल को नीचे बल्लेबाजी के लिए उतारने पर भी सवाल उठाए हैं। श्रीकांत का मानना है कि इशान किशन और श्रेयस अय्यर को नीचे आना चाहिए। केएल राहुल नंबर 4 के बल्लेबाज हैं। वह आते ही हिट नहीं कर सकते हैं बल्कि वह पारी को संभालने और स्थिरता देने में सक्षम हैं। अब देखना होगा कि इतनी आलोचनाओं के बाद मौजूदा भारतीय टीम मैनेजमेंट की आंखे कब खुलती हैं? लगातार टीम के अंदर चयन और प्लेइंग कॉम्बिनेशन पर सवाल उठ रहे हैं।

रोहित-विराट अब कब उतरेंगे मैदान पर, टीम इंडिया की अगली ODI सीरीज किसके साथ? देखें पूरा शेड्यूल

रोहित शर्मा और विराट कोहली के फैंस को अब दोबारा दोनों को भारतीय जर्सी में देखने के लिए 2 महीने से ज्यादा का इंतजार करना होगा। टीम इंडिया अब अपनी अगली वनडे सीरीज सितंबर के अंत में खेलेगी। इंग्लैंड के खिलाफ दोनों ने अपने बल्ले से कमाल दिखाया। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर