रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम पिछला टी20 वर्ल्ड कप जीती थी। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम को टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अहम सलाह दी है। रोहित शर्मा का मानना है कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों को सोशल मीडिया से दूरी बना लेनी चाहिए। रोहित ने कहा कि 2023 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम ने ऐसा किया था। उन्होंने कहा कि इसे किसी पर थोपा नहीं गया था। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, वह फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारकर खिताब जीतने से चूक गई थी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले जियो हॉटस्टार से बात करते हुए रोहित शर्मा ने भारतीय टीम को बाहरी शोर पर ध्यान न देने की बात करते हुए कहा, ‘सोशल मीडिया से दूर रहना काफी अच्छा है। मैं अब भी दूर रहता हूं। मुझे बाहर से खबरें मिलती हैं कि यह हुआ या वह हुआ और मुझे यह पसंद है। मैंने 2023 वर्ल्ड कप के दौरान भी ऐसा ही किया था। किसी और से कहने से पहले, मुझे यह खुद करना था।’
T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, ये है शेड्यूल और वेन्यू समेत पूरी जानकारी
साथी खिलाड़ियों पर नहीं थोपा
रोहित शर्मा ने यह भी कहा कि उन्होंने इस चीज को साथी खिलाड़ियों पर नहीं थोपा। उन्होंने कहा, ‘मैंने जाकर इस बारे में किसी से बात नहीं की। राहुल भाई (राहुल द्रविड़) और मैं इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि क्या हमें टीम से इस बारे में बात करनी चाहिए?’ राहुल भाई ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि यह सही होगा या नहीं। यह बहुत पर्सनल मामला है। तुम फैसला करो।’ रोहित ने कहा, ‘मैंने इसे छोड़ दिया, लेकिन बहुत से खिलाड़ियों ने भी सुझाव दिया कि चलो ऐसा करते हैं। मैं नाम नहीं लूंगा, लेकिन दो-तीन लड़के मेरे पास आए और उन्होंने मुझे यह बताया।’
2023 वर्ल्ड कप में हमारा प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा था
रोहित शर्मा ने कहा, ‘अगर आप देखें तो 2023 वर्ल्ड कप में हमारा प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा था। सिर्फ इसलिए नहीं कि हमने मैदान पर क्या किया, बल्कि मैदान के बाहर भी। हम उन 45 दिनों तक साथ रहे। हमने एक साथ बहुत समय बिताया, कई तरह की एक्टिविटीज कीं। एक-दूसरे की टांग खींची और फील्डिंग मेडल दिए। फील्डिंग मेडल उसी वर्ल्ड कप के दौरान शुरू किया गया था। हमने ये सभी मजेदार चीजें कीं, बहुत मजा आया और वह मैदान पर भी दिखा।’
