कपिल देव की प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा को नहीं मिली जगह, MS Dhoni के लिए बोले- कोई उन्हें छू नहीं सकता
नेहा धूपिया ने वनडे के लिए कपिल से उनकी प्लेइंग इलेवन चुनने की गुजारिश की थी। कपिल ने कहा कि उनकी प्लेइंग इलेवन में सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली, राहुल द्रविड़ और युवराज सिंह होंगे, जबकि महेंद्र सिंह धोनी विकेटकीपर होंगे।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने अपनी प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा को नहीं चुना है। हालांकि, उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और हरभजन सिंह को अपनी आखिरी एकादश का हिस्सा बनाया है। अपनी अगुआई में भारत को पहला वर्ल्ड कप दिलाने वाले कपिल देव ने अभिनेत्री नेहा धूपिया के ऑनलाइन शो में अपनी प्लेइंग इलेवन चुनी। इसमें उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर महेंद्र सिंह धोनी को रखा।
कपिल देव ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर कहा, ‘’उन्हें कोई छू भी नहीं सकता। उनका स्थान कोई नहीं ले सकता है।’ टीम इंडिया ने महेंद्र सिंह धोनी की ही अगुआई में वनडे और टी20 वर्ल्ड कप जीते हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की थी। नेहा धूपिया के ‘नो फिल्टर नेहा’ शो पर कपिल देव ने धोनी की तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘धोनी वह अविश्वसनीय हैं।’ बातचीत के दौरान नेहा धूपिया ने वनडे के लिए कपिल से उनकी प्लेइंग इलेवन चुनने की गुजारिश की थी।
इस पर कपिल ने कहा कि उनकी प्लेइंग इलेवन में सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली, राहुल द्रविड़ और युवराज सिंह होंगे, जबकि विकेटकीपर की भूमिका महेंद्र सिंह धोनी निभाएंगे। गेंदबाजों की बात करते हुए कपिल ने कहा, ‘जहीर खान, जवागल श्रीनाथ, जसप्रीत बुमराह, ऑल टाइम ग्रेट स्पिनर अनिल कुंबले और हरभजन सिंह भी टीम में रहेंगे। ये वे नाम हैं, जो मेरे जेहन में आए हैं।’
जहीर खान और हरभजन सिंह 2011 आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन टीम इंडिया का हिस्सा रहे हैं। जसप्रीत बुमराह मौजूदा दौर के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में एक माने जाते हैं।
कपिल देव की प्लेइंग इलेवन: सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली, राहुल द्रविड़, युवराज सिंह, महेंद्र सिंह धोनी, जवागल श्रीनाथ, जहीर खान, अनिल कुंबले, हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह। बता दें कि धोनी ने इसी साल 15 अगस्त के दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। हालांकि, वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते रहेंगे।
महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में चेन्नई सुपरकिंग्स ने 3 बार आईपीएल का खिताब जीता है। वैसे इस सीजन उनकी टीम का प्रदर्शन आशानुरूप नहीं रहा। आईपीएल के 13 साल के इतिहास में पहली बार हुआ, जब चेन्नई सुपरकिंग्स प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।