भारत और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा (आईपीएल में 205 मैचों में बनाए हैं 4952 रन) ने ऋतुराज गायकवाड़ का समर्थन करते हुए कहा है कि उन्हें आईपीएल 2026 में भी सीएसके का कप्तान बने रहना चाहिए। उन्होंने उन सुझावों को खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि संजू सैमसन को यह भूमिका संभालनी चाहिए। उथप्पा का मानना है कि फ्रेंचाइजी को धैर्य दिखाना चाहिए क्योंकि इस अहम बदलाव के दौर में ऋतुराज गायकवाड़ एक लीडर के तौर पर विकसित हो रहे हैं।
आईपीएल 2026 से पहले एक बड़े ट्रेड के बाद संजू सैमसन के चेन्नई आने से कप्तानी को लेकर नई अटकलें लगनी शुरू हो गई थीं, लेकिन सीएसके ने तुरंत यह साफ कर दिया कि टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ के ही हाथों में रहेगी। उथप्पा ने जियो हॉटस्टार के एक शो में कहा कि ऋतुराज के साथ बने रहने से टीम को किस तरह से फायदा होगा। आपको बता दें कि संजू सैमसन आईपीएल में पहली बार सीएसके के लिए इस सीजन में खेलते हुए नजर आएंगे।
संजू को अभी कप्तानी नहीं देनी चाहिए
रॉबिन उथप्पा ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि सीएसके को कप्तानी की जिम्मेदारी संजू सैमसन को सौंपनी चाहिए। आपको ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान के तौर पर जमने के लिए समय देना होगा। वह 2024 से टीम की कप्तानी कर रहे हैं और लोग चाहे कुछ भी कहें वह एमएस धोनी की परछाई से बाहर निकल रहे हैं। आप भी चाहेंगे कि वह पूरी तरह से धोनी की परछाई से बाहर निकलें और अपनी खुद की पहचान बनाएं साथ ही आप यह भी देखना चाहेंगे कि वो क्या कर सकते हैं।
ऋतुराज अच्छा ना करें तो संजू को बनाएं कप्तान
रॉबिन ने आगे कहा कि आप चाहते हैं कि जब धोनी नहीं खेल रहे हों तो वह (ऋतुराज) टीम को लीड करें और बिना किसी दबाव के अपनी काबिलियत के दम पर खड़े होकर दिखाएं। धोनी के बारे में बात करते हुए रॉबिन उथप्पा ने कहा कि मुझे लगता है कि उनके लिए आईपीएल में पीली जर्सी में ये आखिरी साल होगा साथ ही मुझे ये भी लगता है कि इस साल वो मेंटर कम खिलाड़ी की भूमिका में नजर आएंगे। धोनी ऐसा करेंगे और तभी हम कप्तान के तौर पर ऋतुराज गायकवाड़ की असली क्षमता देख पाएंगे। उसे कुछ साल दें और अगर यह काम नहीं करता है तो आपके पास टीम में कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के लिए हमेशा संजू सैमसन मौजूद हैं।
ये खबरें भी पढ़ें
IPL 2026 RCB Team Analysis: आरसीबी की ताकत और कमजोरी, खिताब डिफेंड करने उतरेगी रजत पाटीदार की टीम
