टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत से भारत और भारतीय खिलाड़ियों को निश्चित ही हजार खुशी मिल सकती हैं, लेकिन एक पिता का सिर से साया उठने का दुख कभी कम नहीं हो सकता है। यह रिंकू सिंह ने नए पोस्ट में नजर आया है, जब विश्व कप जीतने के बाद वह भावुक हुए और अपने पिता के निधन पर पहली कोई ऑफिशियल प्रतिक्रिया दी। रिंकू सिंह ने काफी इमोशनल पोस्ट किया और लिखा, काश आप मेरे पास होते।
रिंकू सिंह के पिता का सपना हुआ पूरा
रिंकू सिंह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर खास पोस्ट किया और अपने पिता को याद करते हुए इमोशनल पोस्ट लिखा। रिंकू ने लिखा,”आपसे बात किए बिना इतने दिन कभी नहीं निकले। मुझे नहीं पता आगे की जिंदगी आपके बिना कैसे चलेगी, पर मुझे हर कदम पर आपकी जरूरत पड़ेगी। आपने सिखाया था कि फर्ज सबसे आगे है, तो फील्ड पर बस आपका सपना पूरा करने की कोशिश कर रहा था।”
भारतीय क्रिकेटर ने आगे लिखा,”अब आपका सपना पूरा हो गया है, तो बस यही लगता है कि काश आप मेरे पास होते। हर छोटी बड़ी खुशी में आपकी कमी खलेगी। बहुत मिस करूंगा आपको पापा, बहुत ज्यादा।” रिंकू सिंह के इन शब्दों में उनका दर्द साफ झलक रहा था।
जिस पीड़ा में उन्होंने विश्व कप खेला और अब उसे बयां किया यह बताता है कि उनके पिता ने कितना त्याग अपने बेटे के लिए किया और आज जब बेटा सपना पूरा करके खड़ा था तो उनके पिता उनके साथ नहीं हैं। रिंकू के इस पोस्ट पर उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी केकेआर की तरफ से कमेंट करते हुए कहा गया हम हमेशा आपके साथ हैं।
रिंकू सिंह ने विश्व कप में खेले 5 मैच
रिंकू सिंह ने भारत के लिए इस टी20 वर्ल्ड कप में सिर्फ 5 मैच खेले। उन्हें इन मैचों में आखिरी मोमेंट पर बल्लेबाजी मिली। नीदरलैंड्स और पाकिस्तान के खिलाफ अंत में उन्होंने उपयोगी बाउंड्रीज भी लगाईं और स्कोरकार्ड को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया। रिंकू साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टीम से बाहर हुए और संजू सैमसन की फिर टीम में एंट्री हुई।
रिंकू फिर भी हर मैच में अपनी फील्डिंग, अपनी फुर्ती से टीम का साथ लगातार देते रहे। उन्होंने अपने पिता के निधन के बावजूद टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मैच से पहले ज्वॉइन कर लिया था। इससे पहले वह पिता के वेंटीलेटर पर होने की खबर सुनकर भी घर गए थे और जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया के साथ वापस जुड़े थे।
यह भी पढ़ें- रिंकू सिंह ने पिता को खोया, इशान किशन की बहन का निधन: ये भी है टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सच
यह भी पढ़ें- ईरान-इजरायल युद्ध के कारण यह वनडे और टी20 सीरीज रद्द, IPL 2026 के शेड्यूल में भी क्या देरी की यही वजह?
