इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) की शुरुआत बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार (28 मार्च) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)के बीच मैच से होगी। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी की कमान रजत पाटीदार के हाथों में होगी तो वहीं सनराइजर्स की कमान इशान किशन संभालेंगे। आईपीएल में बतौर कप्तान यह उनका पहला मैच होगा। दोनों टीमों के लिए चोट चिंता का विषय है।

आरसीबी की बात करें तो यश दयाल निजी कारणों से इस सीजन उपलब्ध नहीं हैं। जोश हेजलवुड चोटिल हैं। इस बीच लसिथ मलिंगा जैसे एक्शन वाले नुवान तुषारा फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए हैं। आरसीबी के पास कीवी स्ट्राइक बॉलर जैकब डफी हैं, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के इस पेसर को काफी कम खेलने को मिला। आरसीबी कमजोर गेंदबाजी की भरपाई बल्लेबाजी में करना चाहेगी।

बल्लेबाजी पर दारोमदार

लोअर मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड जैसे बल्लेबाज होंगे तो वहीं शीर्ष क्रम में फिल साल्ट और जैकब बेथल जैसे खिलाड़ी होंगे। इसके अलावा विराट कोहली और कप्तान रजत पाटीदार बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी होंगे। इसके अलावा विकेटकीपर जितेश शर्मा और क्रुणाल पंड्या भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

आरसीबी की संभावित प्लेइंग 11

फिल साल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), जैकब बेथेल, वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (विकेट कीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, मंगेश यादव, भुवनेश्वर कुमार।

इम्पैक्ट सब – सुयश शर्मा।

सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी कमजोर

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस चोटिल हैं। ऐसे में उसके लिए गेंदबाजी चिंता का सबब है। उसकी बल्लेबाजी में गहराई है, लेकिन गेंदबाजी काफी कमजोर है। हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट पर दारोमदार होगा। कमिंस के न होने पर इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को मौका मिल सकता है। टीम की बल्लेबाजी काफी विस्फोटक है। उसके पास ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा जैसे ओपनर हैं। इसके अलावा इशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे बल्लेबाज हैं। नितीश रेड्डी और लियाम लिविंगस्टोन जैसे ऑप्शन भी हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद संभावित प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, टेविस हेड, इशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स।

इम्पैक्ट सब – जीशान अंसारी।

यह भी पढ़ें: IPL 2026: आईपीएल के 19वें सीजन का उद्घाटन मैच, ये हैं बेंगलुरु बनाम हैदराबाद मुकाबले की सभी जानकारी