Royal Challengers Bengaluru Women vs Delhi Capitals Women, Final, Women’s Premier League 2026: आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स को करारा जवाब दिया और शानदार अर्धशतक अपनी टीम के लिए रन चेज करते हुए लगाया। स्मृति ने फाइनल में तूफानी पारी खेली और दिल्ली को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया।

स्मृति की इस तूफानी पारी के दम पर आरसीबी ने फाइनल में दिल्ली को 6 विकेट से हरा दिया और दूसरी बार विमेंस प्रीमियर लीग का खिताब भी जीत लिया। दिल्ली को लगातार चौथी बार फाइनल में हार मिली और उसे एक बार फिर से उप-विजेता बनकर ही संतोष करना पड़ा। हालांकि ये मैच कांटे का रहा और दिल्ली ने आरसीबी को खूब टक्कर दी।

स्मृति ने WPL फाइनल में लगाया सबसे तेज अर्धशतक

फाइनल मुकाबले में आरसीबी के खिलाफ पहली पारी में जेमिमा ने 32 गेंदों पर अर्धशतक लगाया तो वहीं मंधाना ने अपना अर्धशतक सिर्फ 23 गेंदों पर पूरा किया। मंधाना जब 46 रन पर खेल रही थीं तब उन्होंने एक बड़ा शॉट लगाया और वो चौका हुआ और इसके साथ ही उनका अर्धशतक भी पूरा हुआ।

स्मृति मंधाना अब विमेंस प्रीमियर लीग इतिहास के फाइनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बैटर भी बन गईं। यही नहीं स्मृति ने इस पारी के दम पर इस लीग में अपने 1000 रन पूरे किए। मंधाना ने फाइनल में 41 गेंदों पर 87 रन की पारी खेली और शतक से चूक गईं। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 छक्के और 11 चौके भी लगाए।

मंधाना ने जार्जिया के साथ की 165 रन की साझेदारी

मंधाना अपनी इस पारी के बाद विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बनीं साथ ही इस लीग में आरसीबी के लिए भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर बनीं। दिल्ली के खिलाफ मंधाना और जार्जिया वॉल के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों पर 165 रन की रिकॉर्ड साझेदारी भी की।

इस मैच में आरसीबी ने टॉस जीता था और फिर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद दिल्ली ने आरसीबी के खिलाफ पहले खेलते हुए जेमिमा की 57 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में 4 विकेट पर 203 रन बनाए और आरसीबी को जीत के लिए 204 रन का टारगेट दिया था। आरसीबी ने 19.4 ओवर में 4 विकेट पर 204 रन बनाकर मैच को 6 विकेट से जीत लिया।

ये भी पढ़ें

T20 वर्ल्ड कप 2026: संजू ने मिले मौके का नहीं उठाया फायदा, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी कहीं बेंच पर बैठे ना रह जाएं

अंडर 19 वर्ल्ड कप: भारत ने फाइनल ने पहले तोड़ा पाकिस्तान का 19 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, इस मामले में बना नंबर 1