इंग्लैंड की टेस्ट टीम में खलबली का असर अब आईपीएल तक पहुंचता दिख रहा है। ब्रेंडन मैकुल्लम के टेस्ट टीम से कोचिंग पद छोड़ने के बाद कई दिग्गजों के नाम लिस्ट में सामने आ रहे हैं। इसमें भारतीय दिग्गज राहुल द्रविड़ से लेकर जिम्बाब्वे के दिग्गज एंडी फ्लॉवर का भी नाम शामिल है। अब अटकलें ऐसी हैं कि अगर फ्लॉवर ने यह जिम्मेदारी संभाली तो आईपीएल 2027 से पहले वह आरसीबी से विदाई ले सकते हैं। इसको लेकर टीम के मौजूदा मेंटोर दिनेश कार्तिक ने खास प्रतिक्रिया दी है।

टीम के बल्लेबाजी कोच और मेंटोर दिनेश कार्तिक ने इस बात को स्वीकारा है कि ब्रेंडन मैकुल्लम के बाद एंडी फ्लॉवर इंग्लैंड के टेस्ट हेड कोच के प्रबल दावेदार बन सकते हैं। मगर उन्होंने यह भी कहा है कि उसके लिए अगर वह आरसीबी का साथ छोड़ते हैं तो उन्हें हैरानी होगी। एंडी फ्लॉवर इससे पहले इंग्लैंड की टीम को आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में टॉप पर और ऑस्ट्रेलिया में आखिरी एशेज जीत तक पहुंचा चुके हैं। ऐसे में उनका नाम अब दोबारा से इस पद के लिए प्रबल दावेदार के तौर पर सामने आ रहा है।

क्या बोले दिनेश कार्तिक?

इसको लेकर दिनेश कार्तिक ने स्काई स्पोर्ट्स के साथ क्रिकेड पॉडकास्ट में बात करते हुए कहा,”अगर गंभीरता से देखा जाए तो वह (एंडी फ्लॉवर) अच्छे विकल्प हो सकते हैं। वह बिल्कुल इस पद के लिए एक नाम हो सकते हैं लेकिन मैं बहुत हैरान हो जाऊंगा अगर वह इसे स्वीकार करते हैं, यह जानते हुए कि इंग्लैंड का शेड्यूल बहुत व्यस्त रहता है। वह अभी बहुत सारी लीग का हिस्सा हैं और मुझे पक्का पता है कि उनके पास वक्त नहीं है। उनके पास अभी आरसीबी के साथ साइन किया हुआ करार है इसलिए मुझे लगता है कि अगर वह ऐसा करेंगे तो वह कई टेस्ट मिस कर सकते हैं।”

कार्तिक ने यह भी कहा,”हालांकि, इंग्लैंड की तरफ से आईपीएल और टेस्ट क्रिकेट के बीच सामंजस्य बनाने की बात एक आर्टिकल में लिखी गई थी। लेकिन क्या यह इंग्लैंड के लिए ठीक होगा कि एशेज की तैयारी के बीच उनके हेड कोच कुछ मैचों के लिए मौजूद नहीं रहेंगे? मैंने सुना है कि अगले साल मई में इंग्लैंड को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच खेलना है और उस वक्त फ्लॉवर आरसीबी के साथ होंगे, जो एक बड़ी चुनौती हो सकता है। मुझे भरोसा है कि वह एक अच्छे कोच हैं लेकिन सवाल यह है कि उनके पास वक्त है या नहीं। अगर हां है वक्त तो मैं बहुत हैरान हो जाऊंगा।”

एंडी फ्लॉवर ने आईपीएल 2024 से पहले तीन साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था। वह टीम के कोचिंग सेट अप में आने के बाद कई कमाल कर चुके हैं। उनके संरक्षण में टीम ने पहले 2025 और फिर 2026 में लगातार दो बार आईपीएल का खिताब जीता। मगर इंटरनेशनल क्रिकेट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में से किसी एक को चुनना उनके हाथ में होगा।

चेन्नई सुपर किंग्स और स्टीफेन फ्लेमिंग की राहें हुईं जुदा, 17 साल तक रहे कोच

स्टीफेन फ्लेमिंग 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बतौर खिलाड़ी जुड़े थे। 2009 में कोच बन गए थे। इस दौरान फ्रेंचाइजी ने 5 खिताब जीते हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर