टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुछ टीमें उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकामयाब साबित हुईं। उन्हीं में से एक थी अफगानिस्तान की टीम। इस टीम का ग्रुप भी हालांकि कठिन था लेकिन फिर भी कुछ मैचों में एकदम जीत के नजदीक पहुंचकर भी टीम हारी। अफगानिस्तान ने ग्रुप स्टेज में दो मुकाबले जीते थे और पहले राउंड से ही बाहर हो गई थी।

टूर्नामेंट के बाद टीम के कोच जोनाथन ट्रॉट की विदाई हुई रिचर्ड पाइबस को टीम का नया हेड कोच चुना गया था। उसके बाद अब राशिद खान को हटाकर टी20 टीम का नया कप्तान भी नियुक्त किया गया है। अफगानिस्तान के ओपनिंग बल्लेबाज इब्राहिम जादरान को टीम का नया कप्तान टी20 फॉर्मेट के लिए बनाया गया। उनकी यह जिम्मेदारी अब विश्व कप के बाद श्रीलंका दौरे से शुरू हो जाएगी।

अफगानिस्तान की टीम 13 मार्च से 17 मार्च तक यूएई में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलने उतरेगी। इस सीरीज से इब्राहिम जादरान बतौर टी20 कप्तान अपना कार्यकाल शुरू करेंगे। इस जिम्मेदारी को देने के बाद अफगान टीम के चीफ सेलेक्टर अहमद शाह सुलिमानखिल ने राशिद खान का भी बतौर कप्तान टीम को आगे ले जाने का शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में राशिद की कप्तानी में टीम के सेमीफाइनल तक पहुंचने का भी जिक्र किया। साथ ही लंबे समय से राशिद की कप्तानी में बतौर उपकप्तान बने रहे इब्राहिम जादरान को इस नई जिम्मेदारी के लिए सुलिमानखिल ने शुभकामनाएं दीं।

तीन खिलाड़ी हुए टीम से बाहर

अफगान टीम श्रीलंका के खिलाफ टी20 के बाद 20, 22 और 25 मार्च को तीन वनडे मैचों की सीरीज भी खेलेगी। वनडे सीरीज के लिए हशमतुल्लाह शाहिदी कप्तान बने रहेंगे। वहीं टी20 टीम से तीन खिलाड़ी बाहर किए गए हैं। फजहक फारूख, गुलबदीन नायब और विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद इशाक को आगामी श्रीलंका टी20 सीरीज के स्क्वाड में नहीं चुना गया है।

अफगानिस्तान का श्रीलंका दौरे के लिए स्क्वाड

अफगानिस्तान टी20 स्क्वाड: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, नूर रहमान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, शाहिदुल्लाह कमाल, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, शराफुद्दीन अशरफ, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक, अब्दुल्ला अहमदजई।

रिजर्व खिलाड़ी: नांग्याल खरोती, बिलाल सामी, इजाज अहमदजई

अफगानिस्तान वनडे स्क्वाड: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज, इकराम अलीखिल, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, नांग्याल खरोती, राशिद खान, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक, बिलाल सामी।

रिजर्व खिलाड़ी: कैस अहमद, मोहम्मद सलीम सफी, बशीर अहमद

यह भी पढ़ें- “मुझे घर वापस जाना है”: ईरान-इजरायल युद्ध के कारण भारत में फंसी वेस्टइंडीज की पूरी टीम, कोच डैरेन सैमी ने लगाई गुहार
यह भी पढ़ें- संजू सैमसन vs जोफ्रा आर्चर: भारत-इंग्लैंड के सेमीफाइनल की सबसे खतरनाक जंग, पुराने रिकॉर्ड ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन