अफगानिस्तान ने राशिद खान के ऑलराउंड खेल के दम पर आयरलैंड को तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 31 गेंद शेष रहते हुए तीन विकेट से हराकर पांच मैच की शृंखला में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब पर खेले गए मैच में आयरलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.3 ओवर में 206 रन बनाकर आउट हो गई।

एक समय आयरलैंड का स्कोर आठ विकेट पर 128 रन था। इसके बाद गेविन होए (36) और जय मूंदड़ा (31) ने नौवें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। अफगानिस्तान की तरफ से राशिद खान ने 44 रन देकर तीन और अल्लाह गजनफर ने 29 रन देकर तीन विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज के 71 रन के बावजूद छह विकेट पर 164 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था। यहीं से राशिद खान ने मोर्चा संभाला और 43 गेंद पर नाबाद 37 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

राशिद खान प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए। आयरलैंड की तरफ से होए ने 34 रन देकर चार विकेट लिए। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त अगुआई में होने वाले 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी सीधे क्वालिफाई कर लिया।

अफगानिस्तान और आयरलैंड की पांच वनडे इंटरनेशनल की सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में बारिश ने बाधा डाली थी। इस कारण मुकाबले को 47-47 ओवर का करना पड़ा था। अफगानिस्तान ने वह मैच 92 रन से जीता था।

उस मैच में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47 ओवर में आठ विकेट पर 299 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम 33.4 ओवर में 207 रन पर ही ऑलआउट हो गई थी। राशिद खान ने 7.4 ओवर में 34 रन देकर छह विकेट चटकाए थे।

अफगानिस्तान बनाम आयरलैंड दूसरे वनडे इंटरनेशनल में भी राशिद खान ही प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। अफगानिस्तान बनाम आयरलैंड वनडे सीरीज का चौथा मैच 12 अगस्त 2026 को बेलफास्ट में ही खेला जाएगा।

ODI World Cup 2027 के लिए 10 टीमें पक्की, बची हुई चार टीमें कैसे होंगी तय; पूर्व चैंपियन टीम भी खेलेगी क्वालिफायर

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए अब 14 में से 10 टीमों की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। अफगानिस्तान की टीम ने हाल ही में क्वालिफाई किया है। अब बचे हुए 4 स्थानों के लिए क्वालिफायर टूर्नामेंट खेला जाएगा। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)