अंडर-19 विश्व कप जीतने के बाद सीनियर क्रिकेट में कदम रखते ही विहान मल्होत्रा ने अपनी प्रतिभा का दम दिखा दिया है। पंजाब के इस 19 वर्षीय बल्लेबाज ने असम के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में डेब्यू मैच में शतक जड़कर शानदार आगाज किया।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मेंटर और बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक से जूनियर से सीनियर क्रिकेट में बदलाव को लेकर सलाह लेने वाले विहान मल्होत्रा ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से उस सीख को आत्मविश्वास में बदलने की झलक दिखाई।

विहान ने पंजाब के लिए ओपनिंग करते हुए 11 चौकों वाली पारी खेली। उनकी पारी ने असम के 373 रनों के जवाब में पंजाब को 5 विकेट पर 287 रनों तक पहुंचाने में मदद की। विहान मल्होत्रा की इस पारी ने न सिर्फ पंजाब को मजबूती दी, बल्कि सीनियर क्रिकेट में अपनी जगह बनाने की दिशा में भी एक मजबूत शुरुआत दी। इस पारी से विहान को आत्मविश्वास मिला वह सीनियर क्रिकेट में जगह बनाने की कोशिश के दौरान उनके काम आएगा।

IPL के दौरान विहान ने दिनेश कार्तिक से पूछा था कि जूनियर से सीनियर लेवल पर आसानी से जाने के लिए उन्हें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। विहान ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया, ‘‘मैं अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद IPL में आया था। दिनेश कार्तिक सर के साथ मेरी मुख्य बातचीत इस बारे में थी कि तीनों फॉर्मेट के लिए कैसे तैयार रहें और अंडर-19 से सीनियर लेवल पर कैसे आगे बढ़ें।’’

विहान मल्होत्रा ने बताया, ‘‘भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत के बाद मेरा ध्यान उस आत्मविश्वास को अपने पहले रणजी ट्रॉफी सीजन में भी बनाए रखने पर था। अपने डेब्यू मैच में शतक लगाने से बहुत आत्मविश्वास मिलता है।’’ विहान, विराट कोहली और शुभमन गिल के प्रशंसक हैं।

पंजाब की टीम में ओपनर प्रभसिमरन सिंह नहीं थे। प्रभसिमरन सिंह वर्तमान में इंडिया A का हिस्सा हैं। इस कारण विहान को रणजी ट्रॉफी में डेब्यू का मौका मिला। विहान ने पहले साथी ओपनर हरनूर सिंह (54) के साथ 137 रनों की साझेदारी की और फिर कप्तान उदय सहारन के साथ 58 रन जोड़े।

विहान मल्होत्रा इसी साल फरवरी में खिताब जीतने वाली भारतीय अंडर-19 टीम के सदस्य थे। उन्हें पहचान पिछले साल इंग्लैंड में दो यूथ टेस्ट मैचों में 277 रन बनाने से मिली। इसके बाद यूथ वनडे मैचों में उन्होंने पांच मुकाबलों में 243 रन बनाए।

प्रदर्शन के बाद उन्हें जूनियर विश्व कप के लिए चुना गया। U19 विश्व कप में विहान ने 240 रन बनाए। इसमें जिम्बाब्वे के खिलाफ लगाया गया शतक भी शामिल था। उन्होंने 5 विकेट भी लिए। इनमें बांग्लादेश के खिलाफ 4 विकेट लेने का प्रदर्शन भी शामिल था। भारत ने इसी U19 वर्ल्ड कप भी जीता था।

शेर-ए-पंजाब लीग में विहान शुभमन गिल की टीम फाजिल्का फाल्कन्स के लिए खेले। उन्होंने आठ मैचों में 179.02 के स्ट्राइक रेट से 256 रन बनाए। विहान मल्होत्रा के कोच कमल संधू का मानना है कि उनमें क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में खेलने की क्षमता है।

कमल संधू ने कहा, ‘‘विहान तकनीकी रूप से मजबूत खिलाड़ी हैं। सीनियर स्तर पर लंबे प्रारूप के लिए उन्हें अपने खेल में कुछ बदलाव करने थे। शेर-ए-पंजाब लीग के तुरंत बाद वह अभ्यास के लिए पटियाला आ गए थे। हमारा ध्यान उन्हें सेंटर विकेट पर अभ्यास कराने पर था।’’

कमल संधू ने कहा, ‘‘साइडआर्म गेंदबाज उन्हें अच्छी लेंथ की गेंदें डालते थे, जिनमें ज्यादातर गेंदें ऑफ स्टंप से पांचवें और छठे स्टंप की लाइन पर होती थीं। हर ओवर में कभी-कभी बाउंसर भी डाली जाती थी।’’

कमल संधू ने बताया, ‘‘हम नई और कुछ पुरानी गेंदों से भी अभ्यास करते थे। हमने विहान को शुरुआती ओवरों में गेंदों को छोड़ने की आदत डालने पर काम किया। उनके पास लगभग हर तरह का शॉट है।’’

मंगलवार 13 अक्टूबर को विहान मल्होत्रा ने मैदान पर ‘वी’ वाले इलाके में काफी शॉट खेले। यह देखकर कोच काफी खुश थे। हालांकि, विहान ने अभ्यास के दौरान अलग तरह के शॉट खेलने पर भी काम किया है।

कमल संधू ने कहा, ‘‘हमने लाल गेंद से स्पिनरों के खिलाफ उनके पुल और स्वीप शॉट पर भी काम किया। इसके अलावा स्पिनरों के खिलाफ स्विच हिट का अभ्यास भी कराया।’’ विहान का मानना है कि अभ्यास के दौरान खेल में छोटे-छोटे बदलाव करना अलग-अलग प्रारूपों में सफल होने के लिए जरूरी है।

विहान मल्होत्रा ने बताया, ‘‘हर प्रारूप के लिए उसी के हिसाब से अभ्यास करना जरूरी है। शेर-ए-पंजाब लीग के बाद मेरा लक्ष्य लंबे प्रारूप के लिए तैयारी करना था, क्योंकि मैं अपने करियर के इस अहम साल में बड़ा स्कोर बनाना चाहता था।’’

मैच से पहले पंजाब के मुख्य कोच अमित उनियाल ने भी विहान मल्होत्रा को मिले मौके का पूरा फायदा उठाने के लिए कहा था। अमित उनियाल ने कहा, ‘‘हमारी बात इस पर हुई थी कि वह U-19 क्रिकेट से मिला आत्मविश्वास रणजी ट्रॉफी में कैसे लेकर आ सकते हैं।’’

अमित ने कहा, ‘‘वह तकनीकी रूप से मजबूत हैं। उन्हें बस गेंद को थोड़ा देर से खेलने और गेंद की दिशा में होने वाले बदलाव को समझने की जरूरत थी। सबसे जरूरी था कि वह गेंद पर आखिरी समय तक नजर रखें। विहान मल्होत्रा ने दिखाया कि वह ऐसा करने में सक्षम हैं।’’

उथप्पा टॉप-5 से बाहर, डिविलियर्स शीर्ष पर; WCL 2026 में 15 मैचों के बाद सबसे ज्यादा सिक्स जड़ने वाले टॉप-10 बैटर

WCL 2026 में 15 मैचों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में एबी डिविलियर्स पहले नंबर पर हैं जबकि रॉबिन उथप्पा ने महमूदुल्लाह को पीछे छोड़ दिया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)