Ranji Trophy 2025-26: रणजी ट्रॉफी के इस सीजन के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड ने मयंक मिश्रा की घातक गेंदबाजी के दम पर विराट सिंह की कप्तानी वाली झारखंड की टीम को पारी और 6 रन से हराते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। विराट ने अपनी टीम के लिए दोनों पारी में अच्छी बैटिंग की, लेकिन टीम की हार को रोक नहीं पाए।
इस मुकाबले में उत्तराखंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था जिसके बाद झारखंड ने पहली पारी में 235 रन बनाए। इसके बाद उत्तराखंड ने पहली पारी में 371 रन बनाए और 136 रन की लीड ली, लेकिन दूसरी पारी में झारखंड की टीम पूरी तरह से बिखर गई और 130 रन पर ही आउट हो गई। मयंक मिश्रा को उनकी शानदार बॉलिंग के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
विराट सिंह ने की अच्छी बल्लेबाजी
झारखंड के लिए पहली पारी में कप्तान विराट सिंह ने 47 रन की पारी खेली और अर्धशतक के करीब आकर उससे चूक गए जबकि निचले क्रम के बैटर आदित्य सिंह ने 83 रन का योगदान दिया। दूसरी पारी में झारखंड के लिए कप्तान विराट सिंह ने 55 रन की पारी खेलकर अच्छा संघर्ष किया, लेकिन टीम की हार को टाल नहीं पाए। दूसरी पारी में विराट के अलावा झारखंड के लिए कुमार कुशाग्र ने 34 रन का योगदान दिया जबकि टीम के 9 बल्लेबाज 10 रन के स्कोर तक भी नहीं आ पाए। यही नहीं इनमें से 3 बैटर खाता तक नहीं खोल पाए।
मयंक मिश्रा की घातक गेंदबाजी
उत्तराखंड के लिए पहली पारी में मयंक मिश्रा ने 3 विकेट लिए जबकि जन्मेजय जोशी को 4 सफलता मिली तो वहीं आदित्य रावत ने भी 3 विकेट झटके। इस टीम के लिए दूसरी पारी में मयंक ने फिर से 5 विकेट लिए और झारखंड की कमर तोड़ दी जबकि अभय नेगी ने 4 सफलता हासिल की। मयंक ने दोनों पारियों में कुल 8 विकेट लिए। उत्तराखंड के लिए पहली पारी में झारखंड के खिलाफ जगदीशा सुचित ने 70 रन, कप्तान कुणाल चंदेला ने 68 रन जबकि ओपनर अवनीश सुधा ने भी 64 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
ये भी पढ़ें
