रणजी ट्रॉफी 2025-26 में एलीट ग्रुप बी में सौराष्ट्र के खिलाफ चंडीगढ़ की टीम गुरुवार 29 जनवरी को घरेलू मैदान पर पहली पारी में महज 136 रन पर ढेर हो गई। सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने चंडीगढ़ सेक्टर 16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में अपनी गेंदबाजी से चंडीगढ़ के बल्लेबाजों पर जमकर कहर बरपाया। जयदेव उनादकट ने 14 ओवर में 44 रन देकर चार विकेट चटकाए।
जयदेव उनादकट के अलावा चेतन साकरिया ने 10.1 ओवर में 43 रन और चिराग जानी ने छह ओवर में 18 रन देकर 2-2 विकेट झटके। प्रेरक मांकड़ भी एक विकेट (नौ ओवर में 19 रन) लेने में सफल रहे। चंडीगढ़ के कप्तान मनन वोहरा बिना खाता खोले रन आउट हो गए।
मनन वोहरा समेत चंडीगढ़ के चार बल्लेबाज अपना खाता नहीं खोल पाए। शिवम भांबरी, वैभव नारंग बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। ग्याहरवें बल्लेबाज के रूप में क्रीज पर कार्तिक सांडिल तीन गेंद में अपना खाता नहीं खोल पाए और पवेलियन लौट गए।
चंडीगढ़ की ओर से विकेटकीपर अरजित सिंह और आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जगजीत सिंह संधू संयुक्त रूप से टीम के उच्चतम स्कोरर रहे। अरजित सिंह ने 60 गेंद में पांच चौके और जगजीत सिंह संधू ने 54 गेंद में चार चौके की मदद से 29-29 रन बनाए।
अन्य बल्लेबाजों की बात करें तो अर्जुन आजाद 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। राज अंगद बावा ने 27 गेंद में 14, विशु ने 31 गेंद में 18, निशंक बिड़ला ने 27 गेंद में 12 और रोहित ढांडा ने 10 गेंद में तीन रन बनाए।
