मौजूदा चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के मैच के पहले दिन 11 अक्टूबर 2026 को श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में मध्य प्रदेश की पहली पारी 196 रन पर समेट दी।
मध्य प्रदेश को 200 रन के भीतर ऑलआउट करने में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज रोहित शर्मा का भी अहम योगदान रहा। रोहित शर्मा ने 21.2 ओवर में 36 रन देकर पांच विकेट झटके।
रोहित शर्मा का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा, क्योंकि रेड बॉल क्रिकेट में उन्होंने दो साल बाद वापसी हुई है। रोहित शर्मा ने इससे पहले अपना आखिरी प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच अक्टूबर 2024 में सर्विसेज के खिलाफ खेला था।
जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी 2024 के उस मैच में एक पारी और 25 रन से जीत हासिल की थी। सर्विसेज ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी, लेकिन पूरी टीम 25.1 ओवर में महज 71 रन पर ढेर हो गई।
आकिब नबी और युद्धवीर सिंह ने 5-5 विकेट लिए थे। रोहित शर्मा ने 3 ओवर में 6 रन दिए थे। जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 62.4 ओवर में 228 रन बनाए और 157 रन की बढ़त हासिल की।
सर्विसेज दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर पाई और पूरी टीम 32 ओवर में 132 रन पर ऑलआउट हो गई और जम्मू-कश्मीर ने मुकाबला जीत लिया। दूसरी पारी में भी रोहित शर्मा खाली हाथ रहे।
रोहित शर्मा ने पांच ओवर में 15 रन दिये थे। उमर नाजिर मीर ने 53 रन देकर 6, युद्धवीर सिंह ने 35 रन देकर 3 और आकिब नबी ने 18 रन देकर एक विकेट लिया था।
चोट ने रोकी राह, लंबे इंतजार के बाद वापसी
मध्य प्रदेश के खिलाफ पांच विकेट लेने के बाद जब रोहित शर्मा मैदान से बाहर आए तो उनके लिए यह प्रदर्शन सिर्फ एक अच्छे दिन का आंकड़ा नहीं था। यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वापसी के लिए किये गए दो साल के लंबे इंतजार का अंत और करियर में एक नए अध्याय की शुरुआत थी।
चोट के कारण उनका क्रिकेट करियर पटरी से उतरने की आशंका पैदा हो गई थी। रोहित शर्मा को एचिलीज टेंडन में चोट लगी थी और उनकी एड़ी की हड्डी भी टूट गई थी। इससे उबरकर मैदान पर लौटने के बाद करीब दो साल पहले उन्हें उसी हिस्से में दोबारा चोट लग गई।
रोहित शर्मा को इसके बाद लंबे समय तक रिहैबिलिटेशन से गुजरना पड़ा। इस दौरान उनके धैर्य और खेल में वापसी के संकल्प की परीक्षा हुई। शायद यही वजह है कि करीब 11 साल पहले प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू करने के बावजूद रोहित शर्मा अब तक 22 मैच ही खेल पाए हैं।
शरीर से ज्यादा मानसिक संघर्ष था चुनौतीपूर्ण
रोहित शर्मा ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू भी अक्टूबर 2015 में सर्विसेज के खिलाफ किया था। रणजी ट्रॉफी के उस मैच में सर्विसेज ने नौ विकेट से जीत हासिल की थी। रोहित शर्मा ने उस मैच में दोनों पारियों में मिलाकर कुल पांच विकेट लिए थे।
रोहित शर्मा ने उस मैच की पहली पारी में 18.4 ओवर में 55 रन देकर 4 विकेट झटके थे, जबकि दूसरी पारी में 1.3 ओवर में एक रन देकर एक विकेट लिया था। रोहित शर्मा हालांकि, 2011 से राज्य स्तर पर क्रिकेट खेल रहे हैं। ऐसे में लंबे समय तक मैदान से दूर रहना उनके लिए आसान नहीं था।
क्रिकेट में वापसी की इच्छा लगातार बनी रही, लेकिन चोट के कारण उनका शरीर उनका साथ नहीं दे पा रहा था। रोहित शर्मा के मुताबिक, यह शारीरिक से ज्यादा मानसिक संघर्ष है। आप खेलना चाहते हैं, लेकिन आपका शरीर इसकी अनुमति नहीं देता। यह चुनौतीपूर्ण होता है।
खेल से दूर रहना रोहित शर्मा के लिए पूरी तरह नकारात्मक नहीं रहा। इस दौरान रोहित शर्मा को अपनी फिटनेस और गेंदबाजी पर काम करने का मौका मिला। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) ने भी रिहैबिलिटेशन के दौरान उन्हें टीम के साथ बनाए रखा।
इससे वह ड्रेसिंग रूम के माहौल से जुड़े रहे और अपने साथियों के संपर्क में बने रहे। रोहित की क्रिकेट में वापसी की इच्छा इतनी मजबूत थी कि मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में सर्जरी के लिए जाने से पहले उन्होंने अपने सर्जन से साफ कह दिया था कि उन्हें दोबारा क्रिकेट खेलना है।
रोहित शर्मा के हवाले से खेल वेबसाइट स्पोर्टस्टार ने लिखा, ‘‘मैंने सर्जन से कहा था सर मुझे दोबारा खेलना है। मेरे पैर के साथ आपको जो भी करना पड़े कीजिए, लेकिन मैं क्रिकेट में वापसी करना चाहता हूं।’’
गेंदबाजी करते वक्त पैर पर पड़ता है दबाव
क्रिकेट में वापसी के लिए रोहित को बड़ी कीमत चुकानी पड़ी है। उनके गेंदबाजी करने वाले पैर में अब भी स्क्रू लगे हुए हैं। टखने के पास फ्रैक्चर हुई हड्डी को सर्जरी के जरिये स्क्रू से जोड़ा गया था। तेज गेंदबाज के रूप में गेंद डालते समय उनके इसी पैर पर काफी दबाव पड़ता है। यही वजह है कि रिहैबिलिटेशन और रोजाना की मेहनत उनकी दिनचर्या का अहम हिस्सा बने हुए हैं।
मध्य प्रदेश के खिलाफ मैच से एक दिन पहले नेट्स में बल्लेबाजी करते समय भी उन्हें उसी सर्जरी वाले हिस्से में चोट लगी थी। यह चोट उमरान मलिक की गेंद पर लगी थी।
रोहित शर्मा के मुताबिक, ‘‘मेरे गेंदबाजी करने वाले पैर में अब भी स्क्रू लगे हुए हैं। टखने के पास फ्रैक्चर हुई हड्डी को स्क्रू से जोड़ा गया है। गेंदबाजी करते समय मेरे इसी पैर पर दबाव पड़ता है, इसलिए रिहैबिलिटेशन और रोजाना की मेहनत जरूरी है। इस पेशे की प्रकृति ऐसी ही है।’’
परिवार के साथ बिताया समय बना सहारा
चोट के कारण क्रिकेट से दूर रहने के दौरान रोहित शर्मा के परिवार ने उन्हें खेल से कटाव महसूस नहीं होने दिया। अपने करियर का बड़ा हिस्सा घर से दूर बिताने वाले रोहित क्रिकेट के कारण कई त्योहारों और पारिवारिक अवसरों पर अपने परिजनों के साथ नहीं रह पाते थे।
इस ब्रेक के दौरान उन्हें जम्मू में पत्नी, माता-पिता और मामा के साथ समय बिताने का मौका मिला। उनकी छह महीने की बेटी ने भी इस मुश्किल दौर में जीवन में नई खुशियां जोड़ीं।
रोहित शर्मा ने बताया, ‘‘जब आप राज्य के लिए खेलते हैं तो साल के छह से आठ महीने घर से दूर रहते हैं। आप दिवाली पर घर नहीं जा पाते, घर पर त्योहारों का आनंद नहीं ले पाते और परिवार के कई अवसरों से चूक जाते हैं। उस मुश्किल दौर के बारे में सोचते रहने के बजाय मैंने इसे परिवार के साथ रहने के अवसर के रूप में इस्तेमाल किया।’’
Ranji Trophy: रविंद्र जडेजा ने जड़ा 16वां शतक, जडेजा ने झटका विकेट, सौराष्ट्र ने बनाए 392 रन
रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ के खिलाफ सौराष्ट्र के लिए सबसे बड़ी साझेदारी रविंद्र जडेजा और प्रेरक मांकड़ ने की। दोनों ने 297 गेंद पर 205 रन जोड़े। इस साझेदारी में रविंद्र जडेजा ने 147 गेंद पर 70 रनों का योगदान दिया। प्रेरक मांकड़ ने 150 गेंद पर 129 रन बनाए। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
