रणजी ट्रॉफी 2021-22 में मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ ने अपनी ही टीम के साथ खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल का मजाक बनाया। यशस्वी ने बल्ले से उन्हें जवाब दिया। वहीं, प्रथम श्रेणी क्रिकेट के सचिन तेंदुलकर कहे जाने वाले वसीम जाफर के भतीजे अरमान जाफर ने टूर्नामेंट के दूसरे सेमी फाइनल में उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए।
रणजी ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुंबई का पलड़ा भारी है। तीसरे दिन का खेल होने के समय तक मुंबई ने दूसरी पारी में 140 ओवर में 4 विकेट पर 449 रन बना लिए थे। सरफराज खान 23 और शम्स मुलानी 10 रन बनाकर नाबाद थे। मुंबई ने पहली पारी में 393 रन बनाए थे। वहीं, उत्तर प्रदेश की पहली पारी 180 रन पर ही सिमट गई थी।
इस तरह मुंबई ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ 662 रन की लीड ले ली है और दूसरी पारी में अभी उसके 6 विकेट गिरने बाकी हैं। मुंबई की ओर से यशस्वी जायसवाल ने पहली और दूसरी दोनों पारियों में शतक लगाए। दूसरी पारी में यशस्वी 181 रन बनाकर आउट हुए। अरमान जाफर ने 15 चौके और 2 छक्के की मदद से 127 रन की पारी खेली। यह अरमान जाफर के फर्स्ट क्लास करियर का दूसरा शतक है। अरमान ने अपनी शतकीय पारी के दौरान यशस्वी जायसवाल के साथ डबल सेंचुरी साझेदारी भी की। उन्होंने और यशस्वी ने दूसरे विकेट के लिए 286 रन जोड़े।
अरमान जाफर ने 2009 में पहला रिकॉर्ड तोड़ा था। 23 साल के अरमान ने तब गिल्स शिल्ड ट्रॉफी में परिक्षीत वलसंगकर के बनाए 357 रनों का रिकॉर्ड तोड़ा था। साल 2010 में जब उन्होंने इंडियन स्कूल क्रिकेट में बने सर्वाधिक निजी स्कोर का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने तब राजा शिवाजी स्कूल के खिलाफ रिज्वी स्प्रिंगफील्ड स्कूल के लिए 498 रन बनाए थे।
पृथ्वी शॉ और यशस्वी के मजाक की बात करें तो मैच के दूसरे दिन मुंबई के कप्तान दूसरी पारी में 64 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 71 गेंद की अपनी पारी के दौरान 12 चौके लगाए। खास यह है कि पृथ्वी शॉ 64 रन बनाकर आउट भी हो गए थे, लेकिन तब तक यशस्वी जायसवाल अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। यशस्वी जायसवाल ने 54वीं गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला था।
इसके बाद पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम स्टोरी एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर में ऊपर की ओर वह स्ट्राइक लेने के लिए तैयार हैं, जबकि यशस्वी बॉलर्स एंड खड़े हैं। वहीं, नीचे की ओर एक तस्वीर है, जिसें एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर मूवी के कैरेक्टर को इबोनीमॉ और ब्लैक ड्वॉर्फ को दिखाया गया है।

इसमें पृथ्वी शॉ ने खुद को ब्लैक ड्वॉर्फ और यशस्वी जायसवाल को इबोनीमॉ बताया है। फिल्म में ब्लैक ड्वॉर्फ बहुत आक्रामक, जबकि इबोनीमॉ बहुत शांत स्वभाव का दिखाया गया है। इसके बाद पृथ्वी शॉ ने हंसने वाली इमोजी भी पोस्ट कीं। यशस्वी ने पृथ्वी के इस मजाक का जवाब बल्ले से जवाब दिया और 372 गेंद में 181 रन की शानदार पारी खेली।