रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल मुकाबला कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कर्नाटक ने पहली पारी में 5 विकेट पर 220 रन बना लिए हैं। पहली पारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर अभी भी कर्नाटक से 364 रन आगे और मजबूत स्थिति में है। खेल के तीसरे दिन कर्नाटक के ओपनर मयंक अग्रवाल ने शतक लगाया और वो क्रीज पर जमे हुए थे।
इस मैच में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीता था और फिर पहले बैटिंग का फैसला किया था। पहले बैटिंग करते हुए जम्मू-कश्मीर ने बेहतरीन बैटिंग की थी और 584 रन बनाए थे। जम्मू-कश्मीर के लिए शुभम पुंडीर (121 रन) ने शतक लगाया था जबकि कप्तान पारस डोगरा (70 रन), यावेर हसन (88 रन), अब्दुल समद (61 रन), कन्हैया वाधवन (70 रन) और साहिल लोत्रा (72 रन) ने अर्धशतकीय पारी खेली थी।
मयंक अग्रवाल ने खेली शतकीय पारी
इस मैच की पहली पारी में कर्नाटक की शुरुआत काफी खराब रही थी और ओपनर केएल राहुल 13 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए कप्तान देवदत्त पडीक्कल 11 रन के स्कोर पर निपट गए जबकि अनुभवी बैटर करुण नायर तो खाता भी नहीं खोल पाए। स्मरण रविचंद्रन भी नहीं चल पाए और वो तो गोल्डन डक पर आउट हो गए जबकि श्रेयस गोपाल ने 27 रन की पारी खेली।
कर्नाटक ने पहली पारी में 57 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद मयंक ने श्रेयस गोपाल के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने का काम किया। इसके बाद श्रेयस आउट हो गए और फिर छठे विकेट के लिए खबर लिखे जाने तक मयंक ने कृतिक कृष्ण के साथ 58 रन की साझेदारी की। मयंक अग्रवाल ने 207 गेंदों पर 17 चौकों की मददसे 130 रन बनाए और खेल रहे हैं जबकि कृष्ण भी 27 रन बनाकर नाबाद हैं।
ये खबरें भी पढ़ें
‘120 की रफ्तार वाले बॉलर से विरोधी टीम को कैसे डराओगे’, शोएब अख्तर ने टीम इंडिया से पूछा सवाल
