रणजी ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टरफाइनल मुकाबलों के अब परिणाम आ चुके हैं। कर्नाटक की टीम ने मुंबई को हराकर सेमीफाइनल में एंट्री की है। टीम इंडिया के स्टार ओपनर केएल राहुल ने बेहतरीन शतक जड़ा और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने। वहीं जम्मू कश्मीर ने इतिहास रचते हुए मध्यप्रदेश को हराकर पहली बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
इसी के साथ रणजी ट्रॉफी 2025-26 के पहले सेमीफाइनल की तस्वीर भी साफ हो गई है। पहला सेमीफाइनल मैच उत्तराखंड और कर्नाटक के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला 15 फरवरी से शुरू होगा। उत्तराखंड की टीम ने क्वार्टरफाइनल में झारखंड को पारी और 6 रन से हराकर अंतिम 4 में जगह बनाई थी। उत्तराखंड की टीम भी पहली बार सेमीफाइनल में पहुंची है और अब कर्नाटक की चुनौती का सामना करेगी।
केएल राहुल की बेहतरीन शतकीय पारी
अगर मुंबई और कर्नाटक के बीच हुए मुकाबले की बात करें तो पहली पारी में मुंबई की टीम 120 रन पर ही सिमट गई थी। उसके बाद कर्नाटक भी दूसरी पारी में कुछ खास रन नहीं बना पाई और 173 पर ऑलआउट हो गई। उसके बाद मुंबई ने दूसरी पारी में वापसी करते हुए 377 रन बनाए और कर्नाटक के सामने 325 रन का लक्ष्य रखा।
केएल राहुल ने कर्नाटक के लिए 130 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम के लिए जीत की नींव रखी। उसके बाद स्मरण रविचंद्रन ने नाबाद 82 रन बनाते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। कर्नाटक ने 6 विकेट गंवाकर 325 रन का लक्ष्य हासिल किया और सेमीफाइनल में जगह बना ली। केएल राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
जम्मू-कश्मीर पहली बार सेमीफाइनल में पहुंची
जम्मू-कश्मीर की टीम ने इतिहास रचते हुए क्वार्टरफाइनल में मध्यप्रदेश को 56 रन से हराया। पहली बार जम्मू-कश्मीर की टीम ने रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया। इस मैच में टीम के लिए जीत के हीरो रहे आकिब नबी दार। उन्होंने पहली पारी में 7 और दूसरी पारी में पांच विकेट लेकर कुल 12 विकेट मैच में झटके। दिल्ली कैपिटल्स द्वारा खरीदे गए इस खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं:-
अभिषेक की फिटनेस पर सस्पेंस, संजू की लग सकती है लॉटरी; AI ने दूसरे मैच के लिए चुनी भारत की संभावित प्लेइंग 11
टी20 वर्ल्ड कप का ‘ग्रुप ऑफ डेथ’: स्कॉटलैंड की जीत, नेपाल का जज्बा; इंग्लैंड तीसरे स्थान पर खिसका
