रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल मुकाबला जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक की टीमों के बीच हुबली में खेला जा रहा है। इस मैच के दूसरे दिन मैदान पर भयंकर बवाल मच गया। जिस वक्त जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा बल्लेबाजी कर रहे थे, उसी वक्त शॉर्ट लेग पर फील्डिंग कर रहे कर्नाटक के केवी अनीश से उनकी कुछ कहासुनी हो गई। इसी बीच अनीश के सिर पर पारस ने अपना सिर मार दिया।
पारस डोगरा ने हेलमेट पहने-पहने ही अपना सिर अनीश के सिर पर मारा और सिर से ही उन्हें धक्का दे दिया। इसके बाद कर्नाटक के खिलाड़ी मयंक अग्रवाल ने बीच-बचाव किया। मयंक भी पारस के इस हिंसक रवैये से नाखुश दिखे। कुछ ही देर बाद मैच के बीच पारस के ऊपर कार्रवाई भी की गई। पारस के ऊपर कार्रवाई की जानकारी क्रिकबज द्वारा शेयर की गई है।
पारस डोगरा के ऊपर उनकी इस हरकत के कारण बीच मैच में ही कार्रवाई हुई और उनके ऊपर जुर्माना लगा दिया गया। जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के 41 वर्षीय कप्तान पारस डोगरा के ऊपर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। पारस और अनीश के बीच हुए इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने शेयर किया।
जम्मू-कश्मीर ने बनाया विशाल स्कोर
जम्मू-कश्मीर की टीम पहली बार रणजी फाइनल खेल रही है। अभी तक टीम ने पूरी तरह कर्नाटक के ऊपर अपना दबदबा बनाकर रखा है। दो दिन का खेल हो चुका है। टीम की पहली पारी अभी भी जारी है। दूसरे दिन के अंत तक जम्मू-कश्मीर ने 6 विकेट पर 527 रन बनाए। टीम के लिए शुभम पुंडीर ने 121, यावेर हसन ने 88, कप्तान पारस डोगरा ने 70, अब्दुल समद ने 61 और कन्हैया वाधवन ने 70 रनों की पारी खेली। वहीं साहिल लोतरा भी 57 रन बना चुके हैं और दूसरे दिन के अंत तक क्रीज पर नाबाद थे।
यह भी पढ़ें- रिंकू सिंह की वापसी पर बड़ा अपडेट, संजू सैमसन की प्लेइंग 11 में एंट्री को लेकर भी कोच ने दिया हिंट
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी बैटर को ICC ने सुनाई सजा, आचार संहिता का किया उल्लंघन; क्या था पूरा मामला
