रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल के पहले दिन मंगलवार (24 फरवरी) को शुभम पुंदिर के नाबाद शतक से जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक के खिलाफ स्थिति मजबूत कर ली। शुभम के अलावा यावर हसन और अब्दुल समद ने अर्धशतक लगाए। समद अभी भी क्रीज पर हैं। जम्मू-कश्मीर ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 2 विकेट पर 284 रन बना लिए। जम्मू-कश्मीर के लिए बुरी खबर यह है कि कप्तान पारस डोगरा चोटिल होने के कारण रिटायर हर्ट हो गए। कर्नाटक के लिए केवल प्रसिद्ध कृष्णा विकेट ले पाए।
जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। जम्मू-कश्मीर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला विकेट 11 वें ओवर में 11 रन पर गिर गया। कमरान इकबाल को प्रसिद्ध ने केएल राहुल के हाथों कैच कराया। उन्होंने 6 रन बनाए। इसके बाद यावर हसन का साथ देने शुभम पुंदिर आए।
शुभम-यावर की 139 रनों की साझेदारी
शुभम पुंदिर ने 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 221 गेंद पर नाबाद 117 रन बनाए। उन्होंने यावर 88 रन के साथ 139 रनों की साझेदारी की। यावर जब आउट हुए तब जम्मू-कश्मीर का स्कोर 51 ओवर में 2 विकेट पर 157 रन था। इसके बाद पारस डोगरा क्रीज पर आए और रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 9 रन बनाए। शुभम और समद के बीच चौथे विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी हो गई है। समद ने 52 रन बनाए हैं।
जम्मू-कश्मीर प्लेइंग 11
कमरन इकबाल, यावर हसन, शुभम पुंदिर, पारस डोगरा (कप्तान), अब्दुल समद, कन्हैया वधावन (विकेटकीपर), आबिद मुश्ताक, आकिब नबी डार, युद्धवीर सिंह चरक, साहिल लोत्रा, सुनील कुमार।
कर्नाटक प्लेइंग 11
केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), करुण नायर, स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, कृतिक कृष्णा (विकेटकीपर), विद्याधर पाटिल, विजयकुमार विश्क, शिखर शेट्टी, प्रसिद्ध कृष्णा।
यह भी पढ़ें: मैच फिक्सिंग के आरोप से अज्जू भैया बनने तक, सालों गुमनाम रहे अजय शर्मा ने जम्मू-कश्मीर को फाइनल में पहुंचाया
