रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी के मुकाबलों में बुधवार 14 अक्टूबर 2026 को आंध्र, सौराष्ट्र और पंजाब ने पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन-तीन अंक हासिल किये। तीनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए। आंध्र के खिलाफ कर्नाटक की दूसरी पारी में करुण नायर ने नाबाद 155 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन पहली पारी में 144 रन से पिछड़ने के कारण उनका शतक टीम को जरूरी तीन अंक नहीं दिला पाया।
आठ बार की चैंपियन कर्नाटक को सिर्फ एक अंक से संतोष करना पड़ा। वहीं, सौराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ और पंजाब ने असम के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल कर तीन अंक अपने नाम किये। छत्तीसगढ़ और असम भी एक-एक अंक ही हासिल कर पाये।
मेजबान आंध्र ने पिछले सत्र की उपविजेता कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में 144 रन की बड़ी बढ़त हासिल करके मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। हालांकि, कर्नाटक की दूसरी पारी में करुण नायर ने नाबाद 155 रन बनाए। कर्नाटक के पहली पारी के 274 रन के जवाब में आंध्र ने 418 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत की। करुण नायर ने दूसरी पारी में एक छोर संभाल रखा और अपनी पारी में 16 चौके और दो छक्के लगाए।
कर्नाटक ने चौथे दिन चार विकेट पर 176 रन से आगे खेलना शुरू किया। उस समय उसकी बढ़त 32 रन थी। टीम ने 103 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित कर दी। आंध्र के सामने 194 रन का लक्ष्य रखा। कर्नाटक ने आंध्र के 4 विकेट 43 रन पर गिराकर मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन एसवी राहुल (नाबाद 35) और रेवंत रेड्डी (नाबाद 20) ने टीम का स्कोर 4 विकेट पर 104 रन तक पहुंचाकर मुकाबला ड्रॉ कराया।
भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल दोनों पारियों में नाकाम रहे। उन्होंने पहली पारी में एक और दूसरी पारी में चार रन बनाए। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में मेजबान सौराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ मैच ड्रॉ खेलकर पहली पारी में 80 रन की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। सौराष्ट्र ने पहली पारी में 392 रन बनाए थे। इसके जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम 312 रन ही बना पाई थी।
सौराष्ट्र ने दूसरी पारी में भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए 67 ओवर में एक विकेट पर 229 रन बनाए। चिराग जानी 127 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हार्विक देसाई ने 68 रन बनाए। मुल्लांपुर में पंजाब ने अपने सत्र के पहले मुकाबले में ड्रॉ से पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किये, जबकि असम को एक अंक से संतोष करना पड़ा।
असम ने पहली पारी में 373 रन बनाए थे। इसके जवाब में पंजाब ने 6 विकेट पर 478 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की और 105 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में मैच ड्रॉ होने तक असम ने 61 ओवर में छह विकेट पर 157 रन बनाए थे।
दिनेश दास ने सर्वाधिक 45 रन बनाए जबकि पंजाब के उमेश यादव और हरप्रीत बरार ने दो-दो विकेट लिए। इससे पहले हैदराबाद ने तीसरे दिन त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराकर ग्रुप बी की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।
Ranji Trophy: अभिषेक-सुदीप के शतक, मोहम्मद शमी ने झटके 5 विकेट; बंगाल ने दिल्ली को 9 विकेट से हराया
रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले राउंड में एलीट ग्रुप सी में शामिल बंगाल की टीम ने दिल्ली को 9 विकेट से हराया। बंगाल के लिए इस जीत में शतकवीर सुदीप कुमार घरामी और अभिषेक पोरेल हीरो रहे। वहीं मोहम्मद शमी ने 5 विकेट झटके। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
