रणजी ट्रॉफी 2026-27 में त्रिपुरा और तमिलनाडु ने गुरुवार पांच नवंबर 2026 को शानदार जीत दर्ज की। त्रिपुरा ने उलटफेर करते हुए पूर्व चैंपियन सौराष्ट्र को 133 रन से हराकर मौजूदा सत्र में पहली जीत का खाता खोला।

वहीं, तमिलनाडु ने चंडीगढ़ के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन करते हुए पारी और 259 रन से विशाल जीत दर्ज की। त्रिपुरा की जीत में गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई, जबकि तमिलनाडु के लिए अजित राम ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।

त्रिपुरा ने सौराष्ट्र को 133 रन से हराया

अगरतला में खेले गए रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी के मुकाबले में त्रिपुरा ने पूर्व चैंपियन सौराष्ट्र को 133 रन से शिकस्त दी। ऑफ स्पिनर संदीप सरकार और तेज गेंदबाज अभिजीत सरकार ने सात विकेट साझा कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

342 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की दूसरी पारी 208 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही त्रिपुरा ने मौजूदा सत्र में चार मुकाबलों में पहली जीत दर्ज की। इससे पहले टीम ने पिछले वर्षों में एलीट ग्रुप में हिमाचल प्रदेश और गोवा के खिलाफ भी जीत हासिल की थी।

सौराष्ट्र ने गुरुवार को दिन की शुरुआत सात विकेट पर 131 रन से की। अनुभवी बल्लेबाज अर्पित वसावडा और चेतन सकारिया पर टीम को मुश्किल से निकालने की जिम्मेदारी थी। हालांकि, दिन के पहले ही ओवर में अभिजीत सरकार ने सकारिया को आउट कर सौराष्ट्र को बड़ा झटका दिया।

इसके बाद वसावडा और नील पंड्या ने नौवें विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी कर सौराष्ट्र की हार को कुछ देर के लिए टाल दिया। अभिजीत ने पंड्या को नौ रन के निजी स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। पंड्या ने 63 गेंदों का सामना किया।

दूसरी ओर, वसावडा ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 122 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 189 गेंदों पर 89 रन बनाए। हालांकि, त्रिपुरा के कप्तान मणिशंकर मुरासिंह के सटीक थ्रो ने उनकी पारी का अंत कर दिया। वसावडा रन आउट हुए और सौराष्ट्र की दूसरी पारी 208 रन पर समाप्त हो गई।

इस जीत के साथ त्रिपुरा चार मुकाबलों में छह अंक लेकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले मुकाबले में कर्नाटक के खिलाफ पारी से बड़ी हार झेलने के बाद पूर्व चैंपियन सौराष्ट्र को हराना टीम के लिए बड़ी उपलब्धि है। वहीं, सौराष्ट्र चार मैचों में 13 अंक के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है।

संक्षिप्त स्कोर: त्रिपुरा 268 और 191; सौराष्ट्र 118 और 208 (77.3 ओवर)। अर्पित वसावडा 89, संदीप सरकार 4/81, अभिजीत सरकार 3/26। त्रिपुरा 133 रन से जीता।

तमिलनाडु ने चंडीगढ़ को पारी और 259 रन से हराया

चंडीगढ़ में खेले गए रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी के मुकाबले में तमिलनाडु ने चंडीगढ़ को पारी और 259 रन से करारी शिकस्त दी। अजित राम ने पहले बल्लेबाजी में नाबाद शतक लगाया और फिर गेंदबाजी में सात विकेट लेकर तमिलनाडु की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।

तमिलनाडु ने अपनी पहली पारी सात विकेट पर 571 रन बनाकर घोषित की थी। जवाब में चंडीगढ़ की टीम पहली पारी में महज 94 रन पर सिमट गई। इस तरह तमिलनाडु को पहली पारी के आधार पर बड़ी बढ़त मिली और चंडीगढ़ को फॉलोऑन के लिए मजबूर होना पड़ा।

पहली पारी में 115 रन बनाकर नाबाद रहने वाले अजित राम ने गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दूसरी पारी में तीन विकेट और हासिल किए। इस तरह उन्होंने 48 रन देकर सात विकेट झटके और चंडीगढ़ की दूसरी पारी को 218 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।

चंडीगढ़ की ओर से दूसरी पारी में अर्जुन आजाद ने 60 और मनन वोहरा ने 59 रन बनाए। दोनों ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण चंडीगढ़ बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा।

एक समय चंडीगढ़ का स्कोर दो विकेट पर 155 रन था, लेकिन इसके बाद टीम ने लगातार विकेट गंवाए। गुरुवार को आखिरी दिन सात विकेट पर 189 रन से आगे खेलने उतरी चंडीगढ़ की टीम 218 रन पर आउट हो गई।

इस तरह तमिलनाडु ने पारी और 259 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत से तमिलनाडु को सात अंक मिले, जबकि चंडीगढ़ को कोई अंक नहीं मिला।

संक्षिप्त स्कोर: तमिलनाडु 571/7 घोषित; चंडीगढ़ 94 और 218 (64.5 ओवर)। अर्जुन आजाद 60, मनन वोहरा 59, अजित राम 7/48। तमिलनाडु पारी और 259 रन से जीता।

Ranji Trophy: पृथ्वी शॉ-सचिन के तूफानी अर्धशतक, शमी के 4 विकेट बेकार; महाराष्ट्र ने बंगाल को 10 विकेट से हराया

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले चरण के चौथे व आखिरी मैच में बंगाल को महाराष्ट्र ने 10 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में शमी ने 4 विकेट पहली पारी में लिए लेकिन यह बेकार साबित हुए। पृथ्वी शॉ की कप्तानी वाली महाराष्ट्र ने अपनी दूसरी जीत दर्ज की। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)