भारतीय टीम इंग्लैंड के बाद जिम्बाब्वे के दौरे पर जाएगी। इस दौरे की शुरुआत 23 जुलाई से होगी। तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड सोमवार 6 जुलाई को घोषित हो चुका है। इस टीम के ऐलान के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। संजू सैमसन को बाहर करने से जहां सभी के मन में सवाल है। वहीं रजत पाटीदार को एक बार फिर से नजरअंदाज करने पर सवाल उठना लाजिमी है।
एक तरफ आईपीएल के प्रदर्शन को मानक माना जाता है। अशोक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को आईपीएल के आधार पर भारतीय टीम में चुना जाता है। वहीं अपनी कप्तानी में लगातार दो बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने और पिछले चार सीजन में 1500 से ज्यादा रन बना चुके रजत पाटीदार को नजरअंदाज कर दिया जाता है। अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति लगातार अपने फैसलों को लेकर सवालों के घेरे में है।
आखिर पाटीदार को और क्या करना होगा?
पाटीदार ने आईपीएल 2026 में भी 15 पारियों में 501 रन बनाए थे। उनके टी20 करियर की बात करें तो 113 मैचों की 106 पारियों में वह 3389 रन बना चुके हैं। इस रिकॉर्ड के बावजूद 2023 में एकमात्र वनडे इंटरनेशनल खेलने वाला यह खिलाड़ी तीन साल से अपने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार कर रहा है। डेब्यू तो तब होगा जब रजत को स्क्वाड में चुना जाएगा। फिलहाल तो उन्हें जिम्बाब्वे दौरे पर भी खेलने लायक नहीं समझा गया।

कोई खिलाड़ी आईपीएल जीत रहा है, परफॉर्म कर रहा है, एक सीजन 500 प्लस रन के साथ 42 छक्के लगा रहा है। इससे ज्यादा टीम इंडिया के टी20 स्क्वाड में चयन के लिए कोई क्या कर सकता है। रजत ने भारत के लिए एक वनडे इंटरनेशनल और तीन टेस्ट मैच खेले हैं। मगर इन दोनों फॉर्मेट से ज्यादा अच्छे वह टी20 के प्लेयर हैं और ऐसा उन्होंने साबित किया है। मगर फिर भी बार-बार उनको नजरअंदाज किया जा रहा है।
तिलक वर्मा जिनका स्ट्राइक रेट लगातार सवालों के घेरे में है। एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ उस पारी के बाद एक भी मैच में तिलक ने खास प्रभावित नहीं किया है। फिर भी वह उपकप्तान हैं। यह फिर सवाल खड़े करता है चयन समिति पर।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुना गया भारतीय स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
वैभव-अभिषेक ओपनर, संजू रहेंगे बाहर; तीसरे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला नॉटिंघम में होगा। इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ही ओपनिंग करते नजर आ सकती है। जबकि संजू सैमसन को फिर से बाहर होना पड़ सकता है। इस मैच के लिए संभावित प्लेइंग की जानकारी खबर में उपलब्ध है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
