भारत की महिला शटलर पीवी सिंधू ने हायलो ओपन 2026 के फाइनल मुकाबले में शीर्ष वरीयता प्राप्त डेनमार्क की लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड को हरा दिया और खिताब अपने नाम किया। पीवी सिंधू ने फाइनल मुकाबले को 21-12 और 21-14 के अंतर से जीत लिया। ये साल 2026 में पीवी सिंधू का दूसरा BWF खिताब भी रहा। सिंधू ने इस मैच के दोनों गेम में अपनी प्रतिद्वंदी होजमार्क को कोई मौका नहीं दिया और शानदार तरीके से जीत के साथ टूर्नामेंट का समापन किया।
इससे पहले पीवी सिंधू ने फ्रेंच ओपन 2026 के फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन उन्हें वहां दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एन से यंग से हार का सामना करना पड़ा था। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने इस साल जुलाई में जापान ओपन भी जीता था और अब उन्होंने हिलो ओपन का खिताब भी अपने नाम किया। सिंधू ने इस बार फ्रेंच ओपन में की गई गलतियों से सीखते हुए अपने खेल पर काम किया और चैंपियन बनने में सफल रहीं।
पीवी सिंधू ने जीता फाइनल मुकाबला
इस पूरे टूर्नामेंट में पीवी सिंधू का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिला और वो एक भी गेम हारे बिना फाइनल में पहुंची थीं और फाइनल भी उन्होंने अपने नाम कर लिया। इस इवेंट में उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत हमवतन प्रकृति भरत के खिलाफ सीधे गेम में जीत के साथ की थी और फिर फ्रांस की रोजी ओक्टाविया पंकासारी को हराया। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जर्मनी की अमाली शुल्ज को मात दी और फिर सेमीफाइनल में एक अन्य भारतीय खिलाड़ी अनमोल खरब को 21-13, 21-16 से हराया था।
लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड की बात करें तो फाइनल तक पहुंचने के लिए उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा था। डेनमार्क की इस शटलर ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन किया था एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए उन्होंने थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग को 8-21, 21-19, 28-26 से हराया था। 82 मिनट तक चले इस कड़े मुकाबले में उन्होंने चार मैच पॉइंट भी बचाए थे और इस तरह से पीवी सिंधु के खिलाफ फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।
पीवी सिंधू इस फाइनल मुकाबले में लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड के खिलाफ 6-1 के शानदार हेड-टू-हेड रिकॉर्ड के साथ उतरी थीं। भारतीय खिलाड़ी ने इस साल की शुरुआत में इंडोनेशिया मास्टर्स में भी इस डेनिश खिलाड़ी को हराया था। उनका रिकॉर्ड अब डेनमार्क की इस खिलाड़ी के खिलाफ 7-1 का हो गया यानी इन दोनों के बीच अब तक कुल 8 मैच हुए हैं जिसमें पीवी सिंधू को 7 मैचों में जबकि लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड को एक मैच में जीत मिली है।
रोहित शर्मा नंबर 1, शुभमन गिल टॉप-5 से बाहर; 2026 में वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-7 बल्लेबाज
हैरी ब्रुक ने पाकिस्तान में खेले गए वनडे ट्राई सीरीज में 4 मैचों में 12 छक्के लगाए और वो साल 2026 में वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। हैरी ब्रूक ने इस साल अब तक खेले 13 वनडे मैचों में कुल 24 छक्के लगाए हैं और वो तंजीद हसन से आगे निकल गए जिन्होंने 14 मैचों में 23 छक्के लगाए हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
