ईरान-इजरायल के बीच जारी युद्ध का असर अब खेल जगत पर भी दिखने लगा है। दुबई में ट्रांजिट के दौरान फंसीं भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु का बर्मिंघम पहुंचना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। इस कारण पीवी सिंधु का ऑल इंग्लैंड ओपन में खेलना संदिग्ध है। फ्लाइट रद्द होने और हवाई मार्ग ठप पड़ने के कारण पीवी सिंधु अपनी टीम के साथ दुबई में एक होटल में रुकी हुई हैं। इस बीच उनके कोच विमल कुमार ने भी अपनी प्रस्तावित यात्रा रद्द कर दी है, जबकि बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

ऑल इंग्लैंड ओपन मंगलवार तीन मार्च से शुरू होना है। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) के सचिव संजय मिश्रा ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया कि वह भारत की टॉप शटलर के लगातार संपर्क में हैं, लेकिन उनके बर्मिंघम की यात्रा करने की संभावना बहुत कम लग रही है।

चीजें हमारे नियंत्रण में नहीं: BAI

संजय मिश्रा ने कहा, ‘हम लगातार उनके संपर्क में हैं, लेकिन अभी चीजें हमारे नियंत्रण में नहीं हैं और बदकिस्मती से ऐसा लग रहा है कि वह ऑल इंग्लैंड ओपन मिस कर सकती हैं। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन ने बहुत हमदर्दी दिखाई है और भरोसा दिलाया है कि वह ट्रैवल में फंसे खिलाड़ियों के लिए किसी भी गेम को रीशेड्यूल करेंगे, लेकिन अभी हमारे पास लगभग कोई विकल्प नहीं है।’

सिंधु को दुबई होते हुए बर्मिंघम पहुंचना था

पीवी सिंधु को एमिरेट्स एयरलाइंस से बर्मिंघम जाना था। यह उन कई एयरलाइंस में से एक है जिन्होंने दुबई के होटलों में फंसे करीब 20 हजार लोगों को ठहराया है। कई इंटरनेशनल एयरलाइंस ने अगले कुछ दिनों के लिए कैंसलेशन की घोषणा की है। जिसमें डच KLM ने गुरुवार तक, जबकि टर्किश एयरलाइंस और लुफ्थांसा ने संचालन पूरी तरह से सस्पेंड कर दिया है। इस कारण एविएशन संकट के लंबे समय तक चलने के संकेत मिलते हैं।

उन्नति हुड्डा की फ्लाइट री-शेड्यूल

कोच विमल कुमार सोमवार यानी दो मार्च की सुबह दिल्ली से बर्मिंघम के लिए फ्लाइट लेने वाले थे। उन्होंने अपनी यात्रा रद्द कर दी है। वहीं, सिंगल्स में चुनौती पेश करने वालीं उन्नति हुड्डा की सिंगापुर वाली फ्लाइट में री-बुकिंग हुई है और उनके सोमवार देर रात बर्मिंघम पहुंचने की उम्मीद है। संजय मिश्रा ने बताया, मिक्स्ड डबल्स प्लेयर पहुंच गए हैं और गोपी (पुलेला गोपीचंद) आज (दो मार्च) रात पहुंचेगे।

लक्ष्य, रंकीरेड्डी, चिराग को मिल गई फ्लाइट

लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी और त्रिशा जॉली-गायत्री गोपीचंद सही समय पर फ्लाइट लेने में कामयाब रहे। मालविका बंसोड़ जैसे कुछ शटलर जर्मनी में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे थे। उन्होंने पुष्टि की कि वे पहुंच गए हैं। बदकिस्मती से इस अफरा-तफरी के बीच पीवी सिंधु, कोच इरवांस्याह अपनी टीम के साथ फंस गए और उन्हें टेक-ऑफ करने को तैयार फ्लाइट से उतरना पड़ा।

पीवी सिंधु अभी सुरक्षित

पीवी सिंधु ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि वह सुरक्षित हैं और एमिरेट्स उनकी सभी चिंताओं पर ध्यान दे रहा है, लेकिन हवाई हमलों और जवाबी हमलों का मतलब है कि कम से कम अगले 24 घंटों में बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं है। विमल कुमार ने बताया, ‘उन्होंने सभी विकल्प देखे, लेकिन सड़क से भी जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है। वह बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रही हैं।’

विदेशी शटलर्स भी फंसे

इससे पहले मलेशिया की मिक्स्ड डबल्स खिलाड़ी लिम चिएव सिन ने कुआलालंपुर से मकायशियन न्यूज आउटलेट्स को बताया था कि उन्हें कुआलालंपुर से मिडिल ईस्ट के रास्ते फ्लाइट लेनी थी, लेकिन उन्होंने सिंगापुर से लंदन की फ्लाइट और उसके बाद बर्मिंघम के लिए ट्रेन बुक की।

लिम चिएव सिन ने द स्टार को बताया, ‘खुशकिस्मती से मैं बुधवार को खेल रही हूं। ईश्वर का शुक्रिया है कि मेरे पास पहुंचने और थोड़ा आराम करने का समय है, क्योंकि यह एक लंबा सफर होगा। कोई नहीं चाहता कि इस दुनिया में युद्ध हो, है ना?’

एक और टॉप शटलर जोनाथन क्रिस्टी एक मार्च को टर्किश एयरवेज की फ़्लाइट में सवार हुए थे, लेकिन दुबई से अंकारा सड़क से 35 घंटे का सफर था और बहुत खतरनाक था। भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के शटलर्स पर सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका थी।

ये खबर भी पढ़ सकते हैं

‘इंटरसेप्शन की आवाजें अब भी गूंज रहीं…’ दुबई एयरपोर्ट में धमाके के बाद पीवी सिंधु ने बयां किया खौफनाक मंजर
पीवी सिंधु ने बताया रिटायरमेंट प्लान, ओलंपिक 2028 में आएंगी नजर? चोट के बाद शानदार वापसी