अमेरिका और इजरायल के ईरान पर बमबारी और खाड़ी क्षेत्र में बढ़े सैन्य तनाव के बीच दुबई में फंसी भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु आखिरकार सुरक्षित स्वदेश लौट आईं। ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप खेलने बर्मिंघम जा रहीं दो बार की ओलंपिक पदक विजेता को हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण टूर्नामेंट से नाम वापस लेना पड़ा।

ऑल इंग्लैंड ओपन मंगलवार तीन मार्च से शुरू हुआ। पीवी सिंधु का शुरुआती राउंड में थाइलैंड की सुपनिडा कटेथोंग से मुकाबला था। दुबई एयरपोर्ट के पास विस्फोट के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए थे, लेकिन कई दिनों की अनिश्चितता के बाद पीवी सिंधु ने बेंगलुरु पहुंचकर राहत की सांस ली।

पीवी सिंधु शनिवार 28 फरवरी 2026 को तब दुबई में फंस गईं थीं जब वह ऑल इंग्लैंड बैटमिंडन चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए बर्मिंघम जा रही थीं। उन्हें दुबई से फ्लाइट बदलकर बर्मिंघम जाना था। इस बीच ईरान ने दुबई में हमले करने शुरू कर दिए और मजबूरन फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। पीवी सिंधु ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, ‘बेंगलुरु में घर लौट आईं हूं और सुरक्षित हूं।’

पीवी सिंधु ने लिखा, ‘पिछले कुछ दिन बहुत मुश्किल और अनिश्चित रहे, लेकिन मैं अपने घर लौटकर सच में बहुत खुश हूं। शुक्रगुजार हूं। शानदार ग्राउंड टीम, दुबई अथॉरिटीज, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन और हर उस इंसान का दिल से शुक्रिया जिन्होंने इस मुश्किल समय में आगे आकर हमारा इतना अच्छा ख्याल रखा। हमदर्दी और प्रोफेशनलिज़्म शब्दों से कहीं ज्यादा मायने रखता है। अभी के लिए, आराम करने, खुद को रीसेट करने और अगले कदम तय करने का समय है।’

बता दें कि पीवी सिंधु और उनकी टीम, जिसमें इंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह अदी भी हैं, रविवार एक मार्च 2025 को दुबई एयरपोर्ट पर उनके ठहरने की जगह के पास हुए धमाके में बाल-बाल बच गए। इसके बाद उन्हें एक सुरक्षित जगह पर ले जाया गया।

शनिवार को अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमला करने के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। इसके बाद ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने जवाबी हमले किए। इज़राइल पर ड्रोन और मिसाइलें दागीं और बहरीन, कुवैत और कतर में अमेरिकी मिलिट्री ठिकानों पर हमले किए।

ये खबरें भी पढ़ सकते हैं

ईरान-इजरायल की जंग के कारण दुबई में फंसी पीवी सिंधु, ऑल इंग्लैंड ओपन खेलना संदिग्ध; विमल कुमार ने रद्द की यात्रा
‘इंटरसेप्शन की आवाजें अब भी गूंज रहीं…’ दुबई एयरपोर्ट में धमाके के बाद पीवी सिंधु ने बयां किया खौफनाक मंजर