पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने रविवार एक नवंबर 2026 को जर्मनी में सारब्रुकेन में हाइलो ओपन के खिताब जीतकर भारतीय बैडमिंटन को जश्न मनाने के दो मौके दिये। हालांकि, यूरोप में भारतीय शटलरों की यह कामयाबी कई मुश्किलों के बीच आई। टूर्नामेंटों की सीरीज शुरू होने से ठीक पहले भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने यूरोप दौरे पर चार टूर्नामेंट के लिए फंडिंग रोक दी थी।

इसके चलते पीवी सिंधु समेत कई खिलाड़ियों को अपने खर्च पर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना पड़ा। कुछ खिलाड़ी बिना कोच के ही कोर्ट पर उतरे। दरअसल, प्रशासनिक खींचतान के चलते आखिरी समय पर खिलाड़ियों को मिलने वाली आर्थिक मदद रोक दी गई थी। फंडिंग रोकने के इस फैसले के पीछे एशियन गेम्स में भारतीय शटलरों के खराब प्रदर्शन को वजह माना जा रहा है। हालांकि, SAI ने इससे इनकार किया है।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने भारतीय बैडमिंटन दल के यूरोप दौरे का खर्च उठाने से इनकार कर दिया था। इस दौरे में फिनलैंड, डेनमार्क, फ्रांस और जर्मनी में लगातार चार टूर्नामेंट खेले जाने थे। सूत्रों के अनुसार, खिलाड़ियों को इस फैसले की जानकारी 6 अक्टूबर को फिनलैंड के वांता में आर्कटिक ओपन शुरू होने से कुछ दिन पहले ही दी गई थी।

सारब्रुकेन से द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में पीवी सिंधु ने कहा कि जब उन्हें फंडिंग नहीं मिलने की जानकारी मिली तो वह हैरान रह गईं। उन्हें समझ नहीं आया कि आर्थिक मदद का इंतजाम क्यों नहीं हो पाया। पीवी सिंधु ने कहा, ‘‘जब मुझे इस बारे में पता चला तो मैं थोड़ी हैरान थी। मैंने सोचा कि आखिर फंडिंग क्यों नहीं मिल पाई। इससे पहले मुझे कभी ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा था।’’

पीवी सिंधु ने बताया, ‘‘उस समय मैं यह फैसला नहीं कर सकती थी कि अगर फंडिंग नहीं मिलेगी तो टूर्नामेंट में हिस्सा ही नहीं लूंगी। मेरी प्राथमिकता टूर्नामेंट में हिस्सा लेना था। मैं खेल और मैचों पर ध्यान देना चाहती थी। लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहती थी। वजह कुछ भी रही हो, लेकिन फंडिंग नहीं मिलना हैरान करने वाला था। मैंने कुछ खर्च का इंतजाम खुद किया। मेरे सहयोगी संगठन ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट (OGQ) ने भी मदद की।’’

बैडमिंटन के प्रबंधन से अलग-अलग स्तरों पर जुड़े तीन अधिकारियों ने बताया कि उन्हें लगता है कि फंडिंग रोकने का फैसला एशियन गेम्स में भारत के प्रदर्शन से जुड़ा हो सकता है। आइची-नागोया में हुए एशियन गेम्स में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। भारतीय शटलर 2014 के बाद पहली बार इन खेलों में कोई व्यक्तिगत पदक नहीं जीत पाए थे।

सूत्रों ने बताया, ‘‘ऐसा पहली बार हुआ है। इस फैसले की वजह बताने के लिए कोई आधिकारिक सूचना भी नहीं दी गई। हमें आशंका है कि यह फैसला खिलाड़ियों के प्रदर्शन से जुड़ा हो सकता है, क्योंकि बजट के मामले में बैडमिंटन महासंघ ने तय सीमा से ज्यादा खर्च नहीं किया था।’’

हालांकि, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात से साफ इनकार किया कि फंडिंग रोकने का संबंध एशियन गेम्स में भारत के प्रदर्शन से था। उन्होंने इसके लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) की ओर से तय समयसीमा के भीतर प्रस्ताव जमा नहीं करने को जिम्मेदार बताया।

SAI के अधिकारी ने बताया कि पहले नियमों के मुताबिक, किसी भी टूर्नामेंट के लिए महासंघों को खिलाड़ियों के नाम दिए बिना 90 दिन पहले प्रस्ताव भेजना होता था। वहीं, खिलाड़ियों के नाम के साथ प्रस्ताव 60 दिन पहले जमा करना जरूरी था। इसका मकसद यात्रा की योजना पहले से तैयार करना था। हालांकि, बैडमिंटन महासंघ ने इतनी पहले प्रस्ताव भेजने में असमर्थता जताई। इसके बाद समयसीमा घटाकर 30 दिन कर दी गई।

अधिकारी के मुताबिक, इसके बावजूद महासंघ की ओर से तय समय पर प्रस्ताव नहीं मिला। अधिकारी ने बताया, ‘‘ये नए दिशा-निर्देश सभी खेल महासंघों पर लागू होते हैं। अगर किसी टूर्नामेंट से 30 दिन पहले तक हमें खिलाड़ियों के नाम के साथ प्रस्ताव नहीं मिलता है तो हम उस पर कार्रवाई नहीं करेंगे।’’

अधिकारी ने यह भी बताया कि आगामी टूर्नामेंटों के लिए फंडिंग दोबारा शुरू कर दी जाएगी, लेकिन पिछले चार सप्ताह के दौरान खिलाड़ियों ने अपने खर्च पर जो पैसा लगाया है, उसकी भरपाई नहीं की जाएगी। इस मामले पर टिप्पणी के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) के महासचिव संजय मिश्रा से फोन और मैसेज के जरिये संपर्क किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

बताया जाता है कि BAI ने खिलाड़ियों को फंडिंग रोके जाने की जानकारी वॉट्सऐप मैसेज के जरिये दी थी। महासंघ ने कहा था कि वह फिनलैंड में होने वाले पहले टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों के ठहरने का इंतजाम करेगा, लेकिन इसके बाद के टूर्नामेंटों में यात्रा, भोजन, ठहरने और अन्य खर्च खिलाड़ियों को खुद उठाने होंगे। पैसों की कमी का असर यह भी हुआ कि कुछ खिलाड़ियों को अपने कोच के बिना ही टूर्नामेंट में खेलना पड़ा।

फ्रेंच ओपन में अश्मिता चालिहा जब जापान की अकाने यामागुची को हराने उतरीं तो उनके साथ भारतीय खिलाड़ी ईशारानी बरुआ मौजूद थीं। ईशारानी ने उस मुकाबले में खिलाड़ी के साथ-साथ कोच की भूमिका भी निभाई। वहीं, डेनमार्क ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं तन्वी शर्मा को भी एक मैच के दौरान मार्गदर्शन देने के लिए कोई कोच उपलब्ध नहीं था।

सूत्रों ने बताया, ‘‘यह स्थिति फंडिंग रोके जाने के कारण पैदा हुई। कोच का खर्च कौन उठाता? खिलाड़ी जब अपना खर्च खुद उठा रहे थे तो उनके पास कोच का खर्च उठाने के पैसे नहीं थे।’’ फिनलैंड में आर्कटिक ओपन में 26 सदस्यीय भारतीय दल ने हिस्सा लिया था। किसी भी खिलाड़ी ने नाम वापस नहीं लिया था। हालांकि, इसके बाद डेनमार्क ओपन से 6, अगले सप्ताह पेरिस में हुए फ्रेंच ओपन से 7 और पिछले सप्ताह हाइलो ओपन से 9 खिलाड़ियों ने नाम वापस लिए।

आर्थिक अनिश्चितता के बावजूद भारतीय शटलरों ने यूरोप दौरे पर कई शानदार प्रदर्शन किए। पीवी सिंधु फ्रेंच ओपन (सुपर 750) के फाइनल में पहुंचीं, जहां उन्हें दक्षिण कोरिया की आन से यंग से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, अश्मिता चालिहा ने फ्रेंच ओपन में विश्व रैंकिंग में तीसरे नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची को हराकर उलटफेर किया।

दूसरी ओर, अनमोल खरब ने हाइलो ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाई। लक्ष्य सेन ने हाइलो ओपन का पुरुष एकल खिताब जीतकर एक साल से चले आ रहे अपने खिताबी सूखे को खत्म किया। पीवी सिंधु ने इस साल अपना दूसरा खिताब जीता। 2017 के बाद यह पहला मौका था, जब पीवी सिंधु ने एक कैलेंडर वर्ष में BWF सुपर 500 या उससे बड़े स्तर के दो खिताब अपने नाम किये।

हाइलो ओपन में जीत से पीवी सिंधु की साल के अंत में होने वाले BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करने की उम्मीदें भी मजबूत हुईं। इसके साथ ही वह विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गईं। पीवी सिंधु ने कहा, ‘‘मेरे लिए सबसे जरूरी यह था कि मैं अपने प्रदर्शन में किस तरह सुधार कर सकती हूं। दिन के अंत में यही सबसे अहम था। ऐसी चीजें होती रहती हैं, लेकिन इनकी वजह से हमें रुकना नहीं चाहिए।’’

पीवी सिंधु ने हायलो ओपन का खिताब जीता, फाइनल में डेनमार्क की लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड को हराया

पीवी सिंधू ने हायलो ओपन 2026 के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त डेनमार्क की शटलर लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड को सीधे सेटों में हराते हुए खिताब अपने नाम किया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)